डॉक्टर पर भड़के गोवा के स्वास्थ्य मंत्री, वीडियो वायरल; कांग्रेस ने उठाया सवाल
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह गोवा मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर पर गुस्सा करते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई है।

गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें विश्वजीत राणे गुस्सा होते हुए और गोवा मेडिकल कॉलेज (जीएमसीएच) के एक सीनियर डॉक्टर को सस्पेंड करने का ऑर्डर देते हुए नजर आ रहे हैं। यह घटना उस वक्त हुई जब स्वास्थ्य मंत्री जीएमसीएच का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। कांग्रेस ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। बताया जाता है कि मंत्री से किसी ने फोन पर शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि उक्त डॉक्टर एक मरीज का इलाज करने से मना कर रहा है। इसके अलावा डॉक्टर द्वारा गलत व्यवहार की भी शिकायत थी।
डॉक्टर से आमना-सामना
शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री राणे, मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉक्टर राजेश पाटिल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। कैजुअल्टी वार्ड में उनका डॉक्टर से आमना-सामना हुआ। बाद में इस डॉक्टर की पहचान अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर के तौर पर हुई। वीडियो में राणे उनसे कह रहे हैं कि आप एक डॉक्टर हैं। आपको अपनी जबान पर नियंत्रण रखना चाहिए। वह आगे कहते हैं कि मैं आमतौर पर गुस्सा नहीं होता। लेकिन आपको अपना व्यवहार ठीक करना चाहिए। मरीजों के साथ आपका रवैया अच्छा होना चाहिए।
तत्काल सस्पेंड करने का आदेश
इसके बाद राणे डॉक्टर पाटिल से बात करते दिखाई दे रहे हैं। राणे डॉक्टर पाटिल को निर्देश देते हैं कि इनकी जगह दूसरा सीएमओ लाइए। मैं इनकी सस्पेंशन फाइल पर दस्तखत करूंगा। मैं इन्हें तत्काल सस्पेंड करता हूं। मैं आमतौर पर ऐसा व्यवहार नहीं करता, लेकिन इस मामले में कुछ भी बर्दाश्त नहीं करूंगा। राणे ने डॉक्टर को याद दिलाया कि उनका काम गरीबों की मदद करना है। बता दें कि जीएमसीएच गोवा का सबसे बड़ा सरकारी मेडिकल संस्थान है। यहां पर महाराष्ट्र और कर्नाटक तक से मरीज इलाज कराने के लिए आते हैं।
विपक्ष ने साधा निशाना
उधर इस वीडियो को लेकर विपक्ष ने आलोचना शुरू कर दी है। गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे गुस्से और अधिकार का अपमानजनक प्रदर्शन बताया है। एक बयान में कमेटी के अध्यक्ष अमित पाटकर ने राणे के स्वास्थ्य पर भी सवाल उठाया। उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉक्टर प्रमोद सावंत से मांग उठाई कि स्वास्थ्य मंत्री के मानसिक स्वास्थ्य की जांच की जाए। गोवा कांग्रेस ने कहाकि एक डॉक्टर का कैमरे पर इस तरह सरेआम अपमान करना ठीक नहीं है। डॉक्टरों ने लोगों की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया है। उन्हें सम्मान दिए जाने की जरूरत है ना कि सरेआम उनका अपमान करने की।