सड़क बनी गंदा नाला, कीचड़ से होकर निकलने की मजबूरी
Shravasti News - समस्या - पिछले पांच साल से जमुनहा बाजार में है दुर्दशा - अधिकारियों ने कई

समस्या - पिछले पांच साल से जमुनहा बाजार में है दुर्दशा - अधिकारियों ने कई बार की है जांच फिर भी नहीं हुआ समाधान जमुनहा,संवाददाता। जमुनहा तहसील क्षेत्र के जमुनहा बाजार की मुख्य सड़कों और गलियों में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था है। मामूली बरसात होने पर ही सड़क गंदा नाला बन गई है। इससे लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। इसके साथ ही संक्रामक बीमारियां फैलने का अंदेशा भी बना रहता है। कई बार मांग के बाद भी समाधान नहीं हो सका है। जमुनहा में जलभराव की समस्या सवालों के घेरे में है। बाजार की गलियों और मुख्य मार्ग पर इस कदर जलभराव है कि राहगीरों को गंदे नाले के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
हालात यह हैं कि पीएम श्री विद्यालय जमुनहा प्रथम व द्वितीय के पास की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। दो दिन पहले हुई मामूली बरसात ने जल निकासी की पोल खोल दी है। जमुनहा पुलिस चौकी मार्ग समेत बाजार की तमाम सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी बाजारवासियों ने बताया कि नालियों की समय से सफाई न होने के कारण यह स्थिति बनी है। कई बार तहसील प्रशासन से लिखित रूप से शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पिछले वर्ष बरसात के समय भी यही स्थिति बनी थी, जिसके बाद उपजिलाधिकारी जमुनहा संजय कुमार राय ने मौके पर निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर करने की बात कही थी। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो कोई नाली साफ की गई और न ही जल निकासी के लिए वैकल्पिक उपाय किए गए। वहीं नालियों के गंदे पानी से बाजार की सड़कों पर बदबू फैली हुई है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि ग्राहक आने से कतराने लगे हैं, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं मच्छरों का प्रकोप और जलजनित रोगों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय प्रशासन की चुप्पी और निष्क्रियता को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। बाजारवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।