भूमि बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच कुल्हाड़ी-बांका से हमला, सात जख्मी
Unnao News - उन्नाव के गोबरा गांव में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच हिंसक झड़प हुई। बुधवार रात को हुए इस हमले में कुल्हाड़ी और बांके से सात लोग घायल हो गए। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है,...

उन्नाव, संवाददाता। बिहार थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बुधवार रात को हुई इस घटना में कुल्हाड़ी और बांके से हमले में सात लोग घायल हो गए। गोबरा गांव के रहने वाले कपिल का अपने सगे भाइयों और अन्य रिश्तेदारों से पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने अचानक कुल्हाड़ी और बांका से हमला कर दिया। हमले में घायल लोगों में कपिल, किरण, सुनीता देवी, अंकुश, संदीप कुमार, राज और मनीष शामिल हैं।
सभी को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक इलाज के लिए सुमेरपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गुरुवार को सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर बताया कि विवादित भूमि की नाप-जोख और बंटवारे को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। मगर, कोई समाधान नहीं निकला। बुधवार रात जब वह अपने घर पर था। तभी विपक्षी पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों में उनके सगे भाई और चचेरे भाई शामिल थे। जिला अस्पताल में भर्ती किरण देवी ने बताया, “हमने कई बार प्रधान व पुलिस से भूमि के बंटवारे को लेकर शिकायत की थी, मगर हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। बुधवार रात जब हम खाना खा रहे थे। तभी दूसरी पक्ष के लोग कुल्हाड़ी व बांका लेकर हमला कर जख्मी कर दिया।” घटना की जानकारी मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दिया है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।