विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ, सीएम योगी ने कहा- 4 साल में यूपी की अर्थव्यवस्था करेंगे 1 ट्रिलियन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की। सीएम योगी ने चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि ये लैब तो लैंड पर जाने की अभिनव पहल है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत कृषि विशेषज्ञ और वैज्ञानिक मृदा परीक्षण कर किसानों को बेहतर फसल उत्पादन की जानकारी देंगे। सीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। देश की 10-11% कृषि भूमि यूपी में है। जबकि आज यूपी में इसी कृषि भूमि पर यहां के किसान 21-22% खाद्यान्न उत्पादन कर देश के फूड बास्केट में अपनी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी कर रहे हैं।
योगी ने कहा कि पुरानी सरकारों में और उनके हित सरकार की प्राथमिकता में नहीं था। पिछली सरकारों में किसानों को किसी योजना का लाभ नहीं मिला, कोई सुविधा नहीं मिली। पहली बार यूपी में किसानों को योजनाओं का लाभ और पूरी सुविधाएं इस डबल इंजन की सरकार में मिल रही है। योगी ने कहा कि आज काश्तकारों को बिना किसी भेदभाव के पीएम किसान बीमा योजना, सिचाई योजना, किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। वर्ष 2014-15 तक गेहूं का दाम 1000 भी नहीं मिल पाता था आज किसानों को गेंहू का दाम प्रति कुंतल 2800 रूपये मिल रहा है।सरकार किसानों को फ्री में पानी के लिए ढाई हजार करोड़ रुपये प्रति वर्ष देती है।
उन्होंने कहा कि 23 लाख हेक्टेयर भूमि की सिचाई की व्यवस्था की गई है। सूर्य प्रताप शाही ने कृषि मंत्री बनते ही 20 कृषि विज्ञान केंद्र शुरू किये।आज 79 कृषि विज्ञान केंद्र संचालित हो रहे है। 5वां कृषि विश्वविद्यालय श्री शाही की कर्म भूमि में बनने जा रहा है। योगी ने कहा कि पहले पर्ची ना मिलने पर गन्ना किसान फसल में आग लगा देता था। पिछली सरकार में कई वर्षो का बकाया भुगतान नहीं मिलता था। बीते 20 वर्ष से 72 हजार करोड़ अधिक बकाये का भुगतान बीते 8 वर्ष में कराया। बंद चीनी मिलो को शुरू कराने का कार्य किया। आज यूपी सर्वाधिक एथनाल, चीनी उत्पादन के साथ खाद्यान उत्पादन वाला राज्य बना।
4 वर्षो में यूपी की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन होगी
सीएम योगी बोले आज आर्गेनिक खेती भी बड़े स्तर पर हो रही है। पहले उत्तर प्रदेश में कोई चीनी मिल नहीं लगाना चाहता था। आज यूपी में नई चीनी मिल लगाने के प्रस्ताव आ रहे है। सहफसली के जरिये उत्पादन और आय को बढ़ाया जा सकता है। कृषि वैज्ञानिक-कृषक संवाद नया मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। अगले 4 वर्षो में यूपी की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन की बनाएंगे। प्रदेश में पश्चिम के किसान ने तकनीक अपनाकर हर क्षेत्र में प्रगति की। मध्य और पूरब के किसान अभी बहुत पीछे थे। विश्व बैंक के सहयोग से बुंदेलखंड के किसानों को खेती की तकनीक की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आज खेती में सिर्फ कृषि नहीं जलशक्ति, पशुधन, सहकारिता, उद्यान की भी भूमिका है। कृषि राज्य मंत्री बलदेव औलख खुद प्रगतिशील किसान है। गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण जी मथुरा और मत्स्य मंत्री संजय निषाद जी वाराणसी से इस अभियान में शामिल हो रहे है। मुझे पूरा विश्वास है कि इससे कृषि में क्रन्तिकारी परिवर्तन देखने को मिलेगा। विकसित भारत में विकसित कृषि किसान निर्णायक भूमिका निभाएगी। आज एक अच्छे बीज की समय पर जरूरत है। आज क्लाइमेट चेंज की सबसे बड़ी चुनौती है। मुझे आशंका है कि कहीं आगे एक-दो माह में सूखा न पड़ जाए। ऐसे में अच्छे बीज के लिए किसानों को जागरूक करना होगा।
विकसित कृषि संकल्प अभियान की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में विकसित कृषि संकल्प का शुभारंभ करते हुए मुझे ख़ुशी हो रही है। आज पूर्व पीएम किसानो के मसीहा चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। पहली बार देश के कृषि वैज्ञानिक लैब से निकलकर खेतो में किसानों की चुनौती देखेंगे। ये अभियान आज से 15 दिन तक 12 जून तक चलेगा। विकसित भारत की आधारशिला कृषि बनेगी। इस अभियान में किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दी जाएगी। मैं इस अभियान के लिए पीएम मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह को धन्यवाद देता हूं।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि आज विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ हो रहा है। यूपी के सभी 75 जिलों में वैज्ञानिको की 225 टीमें सीधा संवाद करेंगी। आज से कृषि विज्ञान केंद्रों पर वैज्ञानिक कृषक संवाद शुरू होगा। आधुनिक खेती और कृषि यंत्रो के साथ उन्नत खेती की जानकारी दी जाएगी।अत्यधिक रासायनिक उर्वरको के प्रयोग को कम करने तथा प्राकृतिक खेती की जानकारी दी जाएगी यूपी में 30% खाद्यान्न उत्पादन में हुई वृद्धि। 30 लाख मीट्रिक टन खाद्यान उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन राजधानी लखनऊ के लोक भवन में आयोजित किया गया था जिसमें कृषि और उससे जुड़े विभिन्न विभागों के मंत्री मसलन स्वतंत्र देव सिंह, धर्मपाल सिंह, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह तथा बलदेव सिंह ओएलख आदि भी मौजूद थे।