नाबालिग लड़की की हत्या कर शव भूसे में दबाया, घर के नजदीक हुआ कत्ल, परिवार को भनक नहीं
यूपी के फर्रुखाबाद में तीन दिन से लापता किशोरी की हत्या कर शव एक अहाते में भरे भूसे में दबा दिया गया। बुधवार को युवक पशुओं के लिए भूसा लेने गया तो उसे दुर्गंध महसूस हुई। मौके से किशोरी का शव बरामद हुआ।

यूपी के फर्रुखाबाद में तीन दिन से लापता किशोरी की हत्या कर शव एक अहाते में भरे भूसे में दबा दिया गया। बुधवार को युवक पशुओं के लिए भूसा लेने गया तो उसे दुर्गंध महसूस हुई। मौके से किशोरी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने गांव के ही दो लोगों उठाकर पूछताछ शुरू कर दी है। करनपुर दत्त ग्राम सभा के मौजा कुंआं की मड़ैया निवासी महावीर कुशवाहा की 13 वर्षीय बेटी सुमनलता 26 मई की सुबह आठ बजे घर से पास की दुकान में दाल लेने गई थी। दुकान बंद होने की वजह से वह थोड़ा आगे गली में चली गई। बेटी के न मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस किशोरी की तलाश में लगी थी। गांव में ही शिवसरन का अहाता है। इसमें पशुओं के लिए भूसा भरा है। अंदर झोपड़ी भी है। दोपहर बाद शिवसरन का बेटा चंद्रकिशोर भूसा निकालने गया तो उसे बदबू महसूस हुई। इस पर उसने भूसे को हटाकर देखा तो किशोरी का शव दबा मिला। पुलिस अनुमान लगा रही कि किशोरी की हत्या गला दबाकर की गई है। शव फूल गया था, इससे अनुमान है हत्या 26 मई को ही कर दी गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।
घर के नजदीक हुआ कत्ल, भनक तक नहीं लगी
घर के नजदीक ही किशोरी का कत्ल हो गया और किसी को आहट भी नहीं हो सकी। तीन दिन से पुलिस गांव और आस पास बालिका को इधर से उधर तलाश रही थी। घर के नजदीक जिस तरह से उसका शव मिला उससे हर कोई हैरान है। आखिर कत्ल की क्या वजह थी यह जानना चाह रहा है। परिजन भी घटना से परेशान हैं। करनपुर दत्त ग्राम सभा के मौजा कुआं की मड़ैया निवासी महावीर कुशवाहा के परिवार पर उनकी बेटी सुमनलता की हत्या के बाद से दुख का पहाड़ टूट गया है। 26 मई का वह दिन वह भुलाये नहीं भूल पा रहे हैं जब सुबह आठ बजे उनकी बेटी सुमनलता घर के सामने ही बृजकिशोर की दुकान पर दाल लेने गयी थी। दुकान बंद होने के कारण वह वापस आ गयी और फिर आगे गली में काफी देर तक खड़ी रही थी। इसके बाद वह लापता हो गयी थी।
पहले तो परिजन खुद ही ढूंढते रहे। जब पता नहीं चला तो ऐसे मेें थाना पुलिस को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह को जब इसका पता चला तो लापता किशोरी का पता लगाने के लिए सीओ के साथ राजेपुर और अमृतपुर थाना पुलिस को सक्रिय किया। पुलिस टीम गांव के साथ-साथ आस पास के इलाकों मेें यहां तक कि खेतों में जाकर पता करने का प्रयास करती रही। रात में पुलिस वापस लौट आई थी और मंगलवार को फिर पुलिस की टीम ने कन्नौज से खोजी कुत्ता मंगाकर किशोरी की तलाश शुरू की थी। गांव के एक एक घर को पुलिस ने नजर में लिया था। पूरे दिन की पड़ताल के बाद जब किशेारी का सुराग नहीं लगा तो पुलिस टीम वापस लौट गयी। यही नहीं इस गांव के अलावा आस पास में ड्रोन भी उड़ाया गया था।
बुधवार को फिर पुलिस की टीम सक्रिय हुयी। एसओजी के साथ साथ सर्विलांस को भी लगाया गया था लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं लग रहा था। हालांकि घटना के बाद ही किशोरी के भाई राजीव ने पुलिस को सूचना देकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी थी। अब जब घर के नजदीक किशोरी का शव भूसे के ढेर में मिला तो ऐसे में परिवार में कोहराम मचा है। भाई राजीव, लालू, बहन नीलम, पूनम का रो रोकर बुरा हाल हो रहा है। पिता खेतीबाड़ी करते हैं। वह भी अपनी बेटी को लेकर गश खाकर गिर रहे हैं। मां मायादेवी को परिवार के लोग संभाल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक, आरती सिंह ने कहा कि मौजा कुआं की मड़ैया गांव में जो शव मिला है उसका पुलिस की टीम खुलासा करेगी। किशोरी के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है इससे पूरी स्थिति साफ होगी।
घटना के पीछे रंजिश की पुलिस कर रही पड़ताल
किशोरी का शव मिलने के बाद परिजन सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाने लगे। घटना के पीछे रंजिश भी पुरानी बतायी जा रही है। हालांकि पुलिस इसको लेकर जांच कर रही है। रंजिश क्या है किस तरह का विवाद था इस पर भी जांच की जा रही है। लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर इस परिवार की रंजिश क्या थी। जहां पर शव मिला है उससे किशेारी के घर की दूरी 500 मीटर है। अगर दूसरे रास्ते से निकलें तो 200 मीटर ही होगी। जिस स्थान पर भूसा झोपड़ी में भरा था वहां हर रोज भूसा निकाला जाता है।
सुबह को चंद्रकिशोर ने भूसा निकाला था तब कुछ नहीं था। मंगलवार की शाम को भी वह भैंसों के लिए भूसा लेने गया था तब भी ऐसी स्थिति नहीं थी। इससे यह लग रहा है कि किशोरी की उसी दिन हत्या कर दी गयी थी और फिर उसके शव को बड़े ही शातिर दिमाग से भूसे में छिपाया गया है। जिस स्थान पर शव मिला है उसके नजदीक ही रामसरन का मकान बना हुआ है। उसके पीछे की जो दीवार है उस पर खून के धब्बे लगे थे जिसके पुलिस की टीम ने निशान भी लिये। बताया जाता है कि गांव मे एक घर में कैमरा लगा हुआ है वह खराब है। यदि यह चालू होता तो पूरी स्थिति साफ हो जाती।
शव मिलने की सूचना पर कई गांव के ग्रामीण दौड़े
इस गांव के आस पास करनपुर दत्त, मुजहा, मोकुलपुर, जटपुरा, रैंगापुर, भटोली, नयागांव, हुसैनपुर हड़ाई आदि गांव आते हैं। दोपहर बाद किशोरी का शव भूसे के ढेर में गांव में पाया गया है तो ऐसे में आस पास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।