Fog hit 20 hours power crisis water supply affected in city कोहरे की मार: शहर में 20 घंटे तक बिजली संकट, जलापूर्ति भी प्रभावित, Varanasi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUP NewsवाराणसीFog hit 20 hours power crisis water supply affected in city

कोहरे की मार: शहर में 20 घंटे तक बिजली संकट, जलापूर्ति भी प्रभावित

कोहरे के चलते आये व्यवधान के चलते शहर के हजारों परिवार को 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। 220 केवी साहुपुरी-भिखारीपुर ट्रांसमिशन लाइन में गुरुवार रात 12.40 बजे हुई ट्रिपिंग के...

वाराणसी। कार्यालय संवाददाता Sat, 30 Dec 2017 03:54 PM
share Share
Follow Us on
कोहरे की मार: शहर में 20 घंटे तक बिजली संकट, जलापूर्ति भी प्रभावित

कोहरे के चलते आये व्यवधान के चलते शहर के हजारों परिवार को 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। 220 केवी साहुपुरी-भिखारीपुर ट्रांसमिशन लाइन में गुरुवार रात 12.40 बजे हुई ट्रिपिंग के बाद 33 केवी के 10 उपकेन्द्रों से आपूर्ति ठप हो गई। यह व्यवधान कमोबेश शुक्रवार शाम चार बजे तक बना रहा। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में सुबह की जलापूर्ति तो हुई ही नहीं, शाम के वक्त भी देर से पानी मिला। 

गुरुवार की रात 12.40 पर 132 केवी भिखारीपुर उपकेंद्र से जुड़े 33 केवी क्षमता वाले भिखारीपुर, बेनिया, गोदौलिया, शंकुलधारा, भदैनी, नरिया, करसड़ा, रानीपुर, डाफी आदि उपकेंद्र बंद हो हो गए। सुबह छह बजे आपूर्ति शुरू हुई तो मेन लाइन फिर ट्रिप कर गयी। भिखारीपुर उपकेन्द्र को सुबह नौ बजे 132 केवी गजोखर से जोड़ा गया तो रानीपुर, हाईडिल कॉलोनी, मंडुवाडीह सहित आधा दर्जन उपकेंद्रों से बिजली मिल पायी। मगर लोड अधिक होने की वजह से गजोखर लाइन भी ट्रिप कर जा रही थी। वहीं साहूपुरी-भिखारीपुर ट्रांसमिशन लाइन से शाम चार बजे के बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। 

उधर मच्छोदरी उपकेंद्र से जुड़े हनुमान फाटक में तकनीकी दिक्कत आने से रात में दो बजे से सुबह सात बजे तक बिजली गुल रही। वहीं, काशी विद्यापीठ उपकेंद्र से भी सुबह 9.15 से घंटे भर के लिए आपूर्ति ठप रही। उपकेंद्र से ट्रिपिंग की समस्या देर शाम तक बनी रही। 

अधीक्षण अभियंता (पारेषण) ई. खान ने बताया कि घने कोहरे की वजह से ट्रांसमिशन लाइन ट्रिप कर जा रही थी। कोहरे की वजह ओस की बूंदें लाइन को प्रभावित करती हैं। 

चायनीज मंझा के चलते सात घंटे बिजली गुल
बेनियाबाग स्थित 33 केवी उपकेंद्र से काली महाल फीडर को जाने वाली बिजली भी रात डेढ़ बजे ठप हो गयी। काफी खोजबीन के बाद फाल्ट नहीं मिला तो सुबह पेट्रोलिंग शुरू हुई। छह बजे पता चला कि लाइन में मंझे के लिपट जाने से पिन इंसुलेटर में खराबी आ गयी थी। कर्मचारियों ने कई जगहों पर लाइन में लिपटे मंझों को हटाया। सुबह आठ बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। 

वीडीए कॉलोनी में एसटीपी की काटी बिजली
वीडीए की बड़ा लालपुर कॉलोनी में लगे एसटीपी की बिजली विभाग ने बकाया नहीं देने पर काट दी। इसके बाद वीडीए अधिकारियों में खलबली मच गयी। वीडीए एक्सईएन राजकुमार ने कई बार अधिकारियों को जल्द भुगतान करने का आश्वासन देकर बिजली जोड़ने की मनुहार की लेकिन अधिकारियों ने नहीं जोड़ी। बाद में आरटीजीएस भुगतान के बाद देर शाम बिजली जोड़ी गयी। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।