यूपी में बाढ़ प्रभावित इन 8 जिलों में योगी सरकार करने जा रही है यह काम, मिलेंगी ये सुविधाएं
योगी सरकार यूपी में बाढ़ प्रभावित 8 जिलों में स्थाई रूप से बाढ़ शरणालय बनवाने जा रहा है। सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ तीन समय उनके लिए खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी।

योगी सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है कि बाढ़ में फंस कर अब किसी की जान नहीं जाएगी। इतना ही नहीं उन्हें पहले से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाएगा और तीन समय उनके लिए खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी। राजस्व विभाग इसके लिए प्रदेश के आठ जिलों में स्थाई रूप से बाढ़ शरणालय बनवाने जा रहा है। इस पर 39.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
प्रदेश के आठ जिले अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, बलिया व मऊ बाढ़ के लिए सबसे अधिक संवेदनशील हैं। इन जिलों में सबसे अधिक बाढ़ आती है और इससे सबसे अधिक लोग प्रभावित होते हैं। बाढ़ में फंसकर इन्हीं जिलों में सबसे अधिक लोगों पर मौत का खतरा मंडराता रहता है। इसीलिए तय किया गया है कि इन जिलों में बाढ़ के लिए सबसे अधिक प्रभावित होने वाले स्थानों पर स्थाई रूप से शरणालय बना दिया जाए, जिससे बाढ़ आने की संभावना के आधार पर गांव वालों को इसमें शिफ्ट कर दिया जाए।
अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी और गोरखपुर में 300-300 लोगों के लिए बाढ़ शरणालय बनाए जाएंगे। देवरिया, बस्ती, बलिया और मऊ में 150-150 लोगों के लिए शरणालय बनवाया जाएगा। इसमें सभी प्रकार की सुविधाएं होंगी। रखने के साथ खाने, पीने, स्नानघर आदि की सुविधा दी जाएगी। खाना बनाने के लिए लोगों को रखा जाएगा और इसमें सुबह का नाश्ता, दोपहर व रात में खाने की सुविधा दी जाएगी। जिलाधिकारी की देखरेख में इसका संचालन किया जाएगा। इसके लिए बाढ़ राहत कोष से दिए जाने वाले पैसे से खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके आसपास में ही बाढ़ पीड़ितों के पशुओं को रखने की व्यवस्था भी की जाएगी। उनके लिए चारे के पहले से इंतजाम किए जाएंगे, पशुओं की देखभाल के लिए चिकित्सकों की व्यवस्था भी की जाएगी। संबंधित जिलों में इसके लिए नोडल अधिकारी भी नामित किया जाएगा, जिससे इसमें रहने वालों को किसी तरह की समस्या न होने पाए।