जीवन यात्रा में चिंतन का ठहराव जरूरी : सूचना आयुक्त
Badaun News - प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवा केंद्र का 31वां वार्षिक उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सरोज दीदी ने सहज राजयोग का अभ्यास बढ़ाने की आवश्यकता बताई।...

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सद्भभावना भवन पटिया वाली गली स्थित सेवा केंद्र का 31 वां वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। बालिका सौम्या ने नृत्य पेश कर अतिथियों का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश पश्चिम की जोन प्रभारी वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सरोज दीदी ने सभी को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय सहज राज योग के अभ्यास को बढ़ाने की आवश्यकता है, जिससे संपूर्ण विश्व में सुख, शांति की स्थापना हो सके। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्त ने कहा कि जीवन यात्रा में चिंतन का ठहराव जरूरी है। दैनिक जीवन की व्यस्तता में मनुष्य को कम से कम पांच से 10 मिनट यह चिंतन अवश्य करना चाहिए कि हम स्व उन्नति के लिए क्या कर रहे हैं।
यही चिंतन व्यक्ति को संसार के अन्य प्राणियों से श्रेष्ठ बनाता है। परमात्मा की कृपा से ही मनुष्य को सत्संग का अवसर मिलता है और सत्संग से ही मानव का विवेक जागृत होता है। सेवा केंद्र प्रभारी वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके करुणा दीदी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद में ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र 30 वर्षों से जनमानस की नि:शुल्क सेवा कर रहा है। अब तक कुल 12 सेवा केंद्र एवं 50 से अधिक गीता पाठशालाएं तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर खोले जा चुके हैं। 30 से अधिक ब्रह्मा कुमारीज बहनें अपनी सेवाएं दे रही हैं। बीके पम्मी, धर्मवीर, हिमांशु, मुन्नालाल झा, दीनदयाल, माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट जिला अध्यक्ष मुन्नालाल शाक्य, बीके किरण दीदी, बीके ऊषा दीदी, बीके अरुणा दीदी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।