बर्ड फ्लू पर यूपी के इस शहर में एक्शन तेज, मुर्गों को मार दफन करने में जुटीं टीमें; सैंपलिंग भी जारी
एक तरफ मेडिकल कालेज से लेकर आरएमआरसी तक जांच के इंतजाम किए जा रहे हैं वहीं प्रशासन और निगम की टीमें शहरी क्षेत्र में मुर्गों को मारकर दफन कराने में जुटी हैं। सैंपलिंग भी जारी है। सोमवार को करीब 400 सैंपल जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजे जाएंगे।

गोरखपुर चिड़ियाघर के बाद शहरी क्षेत्र में बर्ड फ्लू के प्रसार से सेहत के साथ कारोबार पर भी संकट खड़ा हो गया है। एक तरफ मेडिकल कालेज से लेकर आरएमआरसी तक जांच के इंतजाम किए जा रहे हैं वहीं प्रशासन और निगम की टीमें रविवार को भी शहरी क्षेत्र में मुर्गों को मारकर दफन कराने में जुटी रहीं। उधर, सैंपलिंग भी जारी रही। सोमवार को करीब 400 सैंपल जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजे जाएंगे।
शनिवार देर रात चिड़ियाघर में मृत मिले कौए के साथ गोरखपुर के चार अलग-अलग इलाकों की दुकानों से लिए गए मुर्गे के सैंपल पाजिटिव मिलने के बाद से चिड़ियाघर और पशुपालन विभाग के साथ ही प्रशासन और नगर निगम की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। शहर में 21 जून तक मुर्गों की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही प्रसार वाले क्षेत्रों में सैनिटाइजेश कराया जा रहा है।
पशुपालन विभाग ने लिया 280 से अधिक सैंपल
पशुपालन विभाग ने बर्ड फ्लू को लेकर सर्तकता बरतते हुए पिछले तीन दिनों में विभिन्न पोल्ट्री फार्म से 280 सैंपल लिया है। सीवीओ डॉ. धर्मेन्द्र पांडेय ने बताया कि सोमवार को भी सैंपल लिए जाएंगे। इसके बाद इन्हें जांच के लिए बरेली भेजा जाएगा।
क्या है मामला
चिड़ियाघर में बाघिन शक्ति की मौत के बाद भेजे गए नमूने की जांच रिपोर्ट 12 मई को आई थी जिसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से ही पशुपालन विभाग भी रैंडम सैंपल लेकर जांच के लिए भेज रहा था। दो चरणों में चिड़ियाघर के बाहर से लिए गए पांच सौ से ज्यादा सैंपल निगेटिव मिले। लेकिन शुक्रवार की देर रात जारी हुई रिपोर्ट में पांच नमूने पॉजिटिव मिले।
उधर, चिड़ियाघर में मृत मिले दो कौओं और विदेशी पक्षी काकाटेल के अलावा दुर्लभ हिमालयन गिद्ध, बाघिन, तेंदुए के दो शावक और विदेशी पक्षी काकाटेल में भी संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। फिलहाल चिड़ियाघर 12 मई से ही दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.धर्मेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि जहां बर्ड फ्लू का संक्रमण मिला था, उस एरिया में नगर निगम के साथ पशुपालन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा सेनेटाइजेशन का कार्य हो रहा है। करीब 300 सैंपल लिए जा चुके हैं। सोमवार को कुछ और सैंपल लेकर जांच के लिए बरेली भेजे जाएंगे।