उत्तराखंड 1.65 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूर्ण
फोटो - प्रदेश में 1.50 लाख लखपति दीदी और बनाई जाएंगी, योजना की मंत्री

देहरादून। उत्तराखंड में ग्राम्य विकास विभाग के तहत 1.65 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा प्रदेशभर में 1.50 लाख लखपति दीदी और बनाई जाएंगी। इसके अलावा हाउस ऑफ हिमालया के तहत आदि कैलाश रुट पर भी आउटलेट खोले जाएंगे। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को लखपति दीदी योजना और हाउस ऑफ हिमालया की समीक्षा की। मीडिया को जारी बयान में ग्राम्य विकास मंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए महिलाओं को सशक्त करना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना से यह कार्य लखपति दीदी योजना के तहत मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में लखपति दीदी बनाने का काम लगातार जारी है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण भी दिए जाने के कार्य को प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्गों पर अब तक कुल 164 आउटलेट खोले जा चुके हैं। नए आउटलेट खोलने की कार्यवाही भी गतिमान है। हाउस ऑफ हिमालया के तहत विपणन को गति दिए जाने के लिए ग्राम्य विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कार्ट स्थापना के लिए मसूरी, नैनीताल एवं नई दिल्ली के प्रसिद्ध होटलों में वार्ता की जाए ताकि उत्तराखंड के उत्पादों का स्वाद देश-विदेश के लोगों को मिल सके। बैठक में अपर सचिव झरना कमठान और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप पांडे आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।