मॉनसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, जानें दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत को कब मिलेगी गर्मी से राहत
मॉनसून इन दिनों बंगाल और बिहार की सीमा पर अटका हुआ है। हालांकि अब इसके तेजी पकड़ने की संभावना जताई गई है। 12 जून से मैदानी इलाकों में मौसम करवट ले सकता है।

उत्तर भारत में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं और बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन उत्तर भारत में हीटवेव का कहर जारी रहेगा। इसके बाद बारिश की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और राजस्थान समेत उत्तर के अन्य राज्यों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह मौसम करवट ले सकता है।
कहां अटका है मॉनसून
मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून तक भीषण गर्मी पड़ेगी। वहीं दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। 7 जून तक मॉनसून महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम के बड़े हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक 29 मई से मॉनसून पश्चिमी क्षेत्र के मुंबई और पूर्वी क्षेत्र के बिहार-बंगाल बॉर्डर पर बालू घाट में रुका हुआ है। दरअसल अरब सागर से आने वाली पश्चिमी हवाएं उत्तर पश्चिमी हवा में बदल गई है। अब यह हवा थार के मरुस्थल से होकर बह रही है जो कि गर्म और बेहद शुष्क है।
मौसम विभाग का कहना है कि मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ कता है। इसके अलावा 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने के आसार हैं।
दिल्ली में कब होगी बारिश
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो से तीन दिन तक आसमान साफ रहेगा। हालांकि बीच-बीच में धूल भरी आंधी चल सकती है। 12 जून के बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश की उम्मीद है। मॉनसून दिल्ली में 24 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है। आम तौर पर मॉनसून 27 जून को दिल्ली पहुंचता है।
कैसा रहेगा यूपी-बिहार का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून तक उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी से राहत नहीं मिलने वाला है। हालांकि 11 जून के बाद से मौसम करवट लेगा र कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। बिहार को भी हीटवेव से राहत नहीं मिलने वाली है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री पहुंच गया। बीकानेर में पारा 47 डिग्री तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मौसम शुष्क रहने और लू चलने की भविष्यवाणी की है। पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का अलर्ट नहीं है। 11 से 13 जून के बीच हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 10 से 13 जून के बीच तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना में बारिश का अनुमान लगाया है केरल और कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।