प्री मॉनसून बारिश दिलाएगी राहत, दिल्ली में बरसेंगे बदरा पर राजस्थान में लू का खतरा
- 12 अप्रैल तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में ऐसे मौसम के चलते लू की स्थिति थोड़े समय के लिए कमजोर हो सकती है।

तीखी गर्मी, लू और बारिश, पूरा भारत ऐसे ही मौसम का गवाह बन रहा है। एक ओर जहां राजधानी दिल्ली समेत करीब 4 राज्यों को प्री मॉनसून की बारिश की सौगात मिल सकती है, जो गर्मी की मार को कम करेगी। वहीं, राजस्थान में पारा और बढ़ने वाला है। साथ ही मौसम के जानकार लू की चेतावनी भी दे रहे हैं। माना जा रहा है कि पाकिस्तान के सिंध और मध्य भागों से उठ रहीं गर्म हवाएं राजस्थान, सौराष्ट्र और गुजरात के आंतरिक हिस्सों तक पहुंचेंगी।
स्कायमेट वेदर के अनुसार, बीते कुछ दिनों में बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के हिस्सों में छिटपुट प्री मॉनसूनी बारिश ने राहत दी है। वहीं, एजेंसी ने बताया है कि 12 अप्रैल तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में ऐसे मौसम के चलते लू की स्थिति थोड़े समय के लिए कमजोर हो सकती है।
लू से जूझेंगे ये राज्य
वेदर एजेंसी ने बताया है कि राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में लू का असर बना हुआ है। साथ ही दो दिनों में राहत की संभावनाएं जताई हैं। एजेंसी का कहना है कि इसके बाद तापमान में फिर तेजी से इजाफा दर्ज किया जाएगा। कहा गया कि अगले सप्ताह के मध्य तक इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं के साथ लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इन राज्यों में होगी बारिश
IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार राज जानकारी दी है कि 11 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 12 तक बारिश का अनुमान है। आंधी और गरज के साथ उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में 10 से 12 अप्रैल के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है।
बिहार में 11 अप्रैल, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 10 से 12 के दौरान भारी बारिश के आसार हैं। IMD ने जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में 11 अप्रैल को ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
गर्मी का हाल
IMD के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान के 3 से 5 डिग्री सेल्सियस घटने के आसार हैं। जबकि, 3 दिन बाद धीरे धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। मध्य भारत में 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। पश्चिम भारत में भी इस दौरान अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस घट सकता है। 14 से 16 अप्रैल के बीच पश्चिम राजस्थान और 16 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में लू का नया दौर शुरू हो सकता है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।