What is Amit Shah son doing Rahul Gandhi counterattack on dynasty allegations 'अमित शाह का बेटा क्या कर रहा है?', वंशवाद के आरोपों पर राहुल गांधी का पलटवार, Mizoram-elections Hindi News - Hindustan

'अमित शाह का बेटा क्या कर रहा है?', वंशवाद के आरोपों पर राहुल गांधी का पलटवार

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी अधिक है।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, आइजोलTue, 17 Oct 2023 07:40 PM
share Share
Follow Us on
'अमित शाह का बेटा क्या कर रहा है?', वंशवाद के आरोपों पर राहुल गांधी का पलटवार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भाजपा के "वंशवाद की राजनीति" के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। एक सवाल के जवाब में राहुल कहा कि अमित शाह का बेटा क्या कर रहा है? उनका इशारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह की ओर था जो बीसीसीआई सचिव के पद पर हैं। जय शाह एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष भी हैं। दो दिवसीय दौरे पर मिजोरम पहुंचे राहुल गांधी ने अमित शाह से लेकर राजनाथ सिंह के बेटे तक का जिक्र किया। 

राहुल गांधी ने कहा, "अमित शाह का बेटा क्या कर रहा है? राजनाथ सिंह का बेटा क्या करता है? पिछली बार मैंने सुना था, अमित शाह का बेटा भारतीय क्रिकेट चला रहा है। कृपया निष्पक्ष रहें। भाजपा को देखें, अनुराग ठाकुर जैसे उनके कई बच्चे वंशवादी हैं।" राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह यूपी के विधायक हैं। चुनावी राज्य मिजोरम में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) "आरएसएस और भाजपा के लिए पूर्वोत्तर राज्य में प्रवेश करने के साधन" थे।
 
उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी कभी भी (राज्य में) प्रवेश का साधन नहीं बन सकती क्योंकि हम वैचारिक रूप से पूरी तरह से भाजपा के खिलाफ हैं।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी पांच राज्यों - मिजोरम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में चुनाव जीतेगी। कांग्रेस ने 7 नवंबर को होने वाले मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। 2018 के चुनावों में, मिजो नेशनल फ्रंट ने 37.8 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 26 सीटें हासिल कीं। कांग्रेस को पांच और बीजेपी को एक सीट पर जीत मिली थी। भाजपा कई वर्षों से आंतरिक लोकतंत्र की कथित कमी को लेकर कांग्रेस पर हमला करती रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अक्सर कांग्रेस पार्टी पर गांधी के परिवार के प्रभाव का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष संदर्भ देते हुए "परिवारवाद" में शामिल होने का आरोप लगाया है।

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी अधिक है। उन्होंने दावा कि कांग्रेस पांच राज्यों मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव जीतेगी। गांधी ने आरोप लगाया कि मिजोरम की दोनों प्रमुख पार्टियां मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और विपक्षी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) का इस्तेमाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ईसाई बहुल राज्य में पैर जमाने के लिए कर रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।