हीटवेव से शहर हुआ बेहाल, आज से गर्मी में नरमी की आस
Kanpur News - हीटवेव से शहर हुआ बेहाल, आज से गर्मी में नरमी की आस हीटवेव से शहर हुआ बेहाल, आज से गर्मी में नरमी की आस

कानपुर। हीटवेव के आठवें दिन शनिवार को भी उमस भरी झुलसाने वाली गर्मी ने शहरियों को बेहाल कर दिया। इसका जनजीवन पर भी प्रभाव पड़ा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के वेदर स्टेशन के अनुसार, अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री रहा। राहत की बात यह है कि मौसमी सिस्टम कारगर हुए तो रविवार से गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार आ रही नमी के चलते बादल तो बने लेकिन उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में मेहरबान नहीं हो सके। ऐसे में प्रदेश के इक्का-दुक्का स्थानों पर ही गरज-चमक के साथ बारिश हो सकी।
बिजनौर, मेरठ और गोरखपुर में ही अच्छी बारिश हो सकी। शेष ज्यादातर जनपदों में तापमान अधिक रहा। आईएमडी के जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज 45, बांदा 44.8, वाराणसी 44.6, आगरा 44.3. बलिया 43 और वाराणसी 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर एयरफोर्स में तापमान लगातार 44 डिग्री से अधिक चल रहा है। हीट वेव के चलते रात के तापमान में भी कोई खास कमी नहीं आ रही है। हमीरपुर की रात प्रदेश में सबसे गर्म रही। यहां न्यूनतम पारा 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर एयरफोर्स वेदर स्टेशन में न्यूनतम पारा 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सीएसए में 30.6. वाराणसी में 31 डिग्री रहा। कई अन्य शहरों में रात का पारा 30 डिग्री से अधिक रहा। रात के तापमान में फिलहाल कोई खास राहत की संभावना नहीं है। हवा की रफ्तार लगातार 20-25 किमी प्रति घंटा बनी हुई है। पूर्वी हवाओं के कारण नमी ज्यादा साथ लेकर आ रही हैं। शनिवार को अधिकतम नमी 70 फीसदी तक पहुंच गई। हीट इंडेक्स 64 रहा। तापमान ज्यादा होने से उमस बेकाबू हो गई। तपिश ने कम दमघोटू उमस ने जीना मुश्किल कर दिया। माना जाता है कि उमस के कारण ऑक्सीजन में कमी आ जाती, जिससे सांस लेना मुश्किल हो रहा है। शनिवार रात बूंदाबांदी हुई लेकिन राहत वाली नहीं रही। हीटवेव के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ। आमतौर पर दिन में भी भीड़ से भरे रहने वाले इलाकों में भी सन्नाटा रहा। घंटाघर, परेड, नवीन मार्केट, गोविंद नगर जैसे इलाकों में भी सन्नाटा रहा। देर शाम भी लोगों को लू का अहसास हुआ। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की दोनों प्रणालियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही है। आने वाले दिनो में इनमें सक्रियता और बढ़ने की संभावना है। इससे मानसून अब मध्य व उत्तर भारत की तरफ अग्रसर होगा। आज मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में मानसून में प्रोग्रेस होने की संभावना है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की हवाएं अब कहीं ना कहीं उत्तर पश्चिम भारत की तरफ भी पहुंच रही हैं। यहां के वायुमंडल में नमी का प्रवाह बढ़ गया है, जिससे उमस भरी गर्मी महसूस हो रही है। डॉ. पांडेय के अनुसार, मानसून पूर्व की गतिविधियां आंधी बारिश बादलों की गर्जना की एक्टिविटी शुरू हो गई है। रविवार से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कानपुर मंडल में रविवार से गतिविधियां बढ़ेंगी। गरज चमक के साथ आंधी आ सकती है। हल्की बारिश कभी भी संभव है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।