टॉयलेट की खिड़की तोड़कर 10 करोड़ की लूट का आरोपी फरार, रिमांड पर मुंगेर लाई थी हरियाणा पुलिस
मुंगेर के एक होटल से अंबाला बैंक लूट का अभियुक्त टॉयलेट की खिड़की तोड़कर फरार हो गया। हरियाणा पुलिस उसे रिमांड पर लेकर मुंगेर पहुंची थी। फिलहाल बिहार पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

मुंगेर जिले के एक होटल से अंबाला बैंक लूट का अभियुक्त फरार हो गया। दरसअल हरियाणा पुलिस आरोपी को रिमांड पर मुंगेर लाई थी। असरगंज थाना क्षेत्र के लदौआ मोड स्थित एक होटल में पुलिस टीम ठहरी थी। सोमवार की सुबह शौचालय की वेंटीलेटर विंडो खोल कर आरोपी फरार हो गया। आरोपी चौरगाव निवासी मिथुन बिंद हैं, जो हरियाणा के अंबाला जिले में सितंबर 2023 में कोऑपरेटिव बैंक से करीब 8 से 10 करोड़ लूट कांड का अभियुक्त है।
अभियुक्त के फरार होने की घटना से हड़कंप मच गया। असरगंज पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कर फरार अभियुक्त के विरुद्ध छापेमारी चला रही है। हालांकि अभी तक फरार अभियुक्त का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
अंबाला के बलवंत नगर थाना क्षेत्र में बैंक लूट कांड का अभियुक्त मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड का चौरगांव निवासी मिथुन बिंद को हरियाणा पुलिस रिमांड असरगंज पहुंची थी। हरियाणा पुलिस इस लूटकांड के अनुसंधान के लिये शनिवार को मुंगेर पहुंची थी। एएसआई संजीव कुमार के नेतृत्व में हरियाणा से पांच सदस्यीय टीम असरगंज पहुंची थी।
सोना चांदी के विभिन्न खरीदारों से पूछताछ के बार रविवार की रात हरियाणा पुलिस और मिथुन बिंद एक होटल में ठहरी। लेकिन मिथुन बिंद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सभी असरगंज थाना क्षेत्र के लदौआ मोड़ स्थित एक होटल में में रुके थे। सोमवार की अहले सुबह पहले मंजिल पर स्थित शौचालय के वेंटीलेटर को तोड़कर फरार हो गया। हरियाणा पुलिस ने फरार आरोपी का पीछा किया लेकिन अभियुक्त भागने में सफल रहा।
हरियाणा पुलिस ने दर्ज करायी प्राथमिकी
इस घटना के बाद एसआई संजीव कुमार के बयान पर असरगंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार अभियुक्त के विरुद्ध छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि हरियाणा के अंबाला जिले के बलदेव नगर में सितंबर 2023 में कोऑपरेटिव बैंक का लॉकर तोड़कर लगभग 8 से 10 करोड़ के सोना-चांदी लूट कांड के मामले में असरगंज थाना के चौरगांव का मिथुन बिंद अभियुक्त था। इसी लूट कांड में मिथुन बिंद का भाई सोबिंद बिंद को बीते दिसम्बर माह में लखनऊ एसटीएफ ने पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। बाद में फरार मिथुन बिंद को गिरफ्तार किया था।