सरकार के अल्टीमेटम के आगे झूके राजस्व कर्मी
बीते 24 दिनों से जारी हड़ताल हुई समाप्त काम पर लौटने लगे राजस्व कर्मचारी फारबिसगंज,एक

बीते 24 दिनों से जारी हड़ताल हुई समाप्त काम पर लौटने लगे राजस्व कर्मचारी फारबिसगंज,एक संवाददाता। बिहार में सात मई से चल रही राजस्व कर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। सरकार द्वारा दिए गए सख्त अल्टीमेटम के बाद कर्मियों ने 24 दिन बाद पीछे हटते हुए अपने-अपने पदस्थापन स्थल पर योगदान देना शुरू कर दिया है। इस संबंध में राजस्व कर्मचारी संघ ने विभाग को पत्र लिखकर हड़ताल समाप्त करने की सूचना दी है। गौरतलब है कि राज्य भर में करीब 4 हजार राजस्व कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देश दिया था कि 30 मई शाम 5 बजे तक हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौटने वाले कर्मचारियों को उपार्जित अवकाश पर मानते हुए सेवा नियमित मानी जाएगी।
निर्धारित समय सीमा के बाद लौटने वाले कर्मियों को ‘नो वर्क, नो पे के आधार पर वेतन दिया जाएगा और उनकी सेवा बहाली पर विभाग बाद में निर्णय लेगा। सरकार की इस सख्त चेतावनी का असर दिखा और अधिकांश कर्मियों ने समय रहते हड़ताल खत्म कर दी। इससे पूर्व 21 मई को विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हड़ताली कर्मियों से तीन दिनों के भीतर कार्य पर लौटने की अपील की थी, जिसका आंशिक असर पहले से दिख रहा था। सचिव जय सिंह ने स्पष्ट किया है कि जो कर्मचारी अब भी वापस नहीं लौटे हैं, उनके खिलाफ तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, जिन कर्मचारियों ने विभागीय लैपटॉप वापस नहीं किए हैं, उनके खिलाफ लोक मांग वसूली अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी जिलाधिकारियों से ऐसे कर्मचारियों की सूची और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्र विभाग को भेजने का निर्देश दिया है। हड़ताल समाप्त होने से राजस्व विभाग में कार्यों के सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस संबंध में सीओ ललन कुमार ठाकुर से मोबाईल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल स्वीच ऑफ था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।