Farmers Face Severe Loss Due to Rain Damage in Araria District s Maize Crop लगातार बारिश से मक्का की फसल को नुकसान, दाने में आया अंकुरण, Araria Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsAraria NewsFarmers Face Severe Loss Due to Rain Damage in Araria District s Maize Crop

लगातार बारिश से मक्का की फसल को नुकसान, दाने में आया अंकुरण

अररिया, निज प्रतिनिधि। जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार रुक रुक कर

Newswrap हिन्दुस्तान, अररियाThu, 29 May 2025 02:22 AM
share Share
Follow Us on
लगातार बारिश से मक्का की फसल को नुकसान, दाने में आया अंकुरण

अररिया, निज प्रतिनिधि। जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार रुक रुक कर हुई बारिश से मक्का उत्पादक किसानों को काफी नुकसान हुआ है। बारिश के चलते खेत और खलिहानों में रखे मक्का फसल को क्षति पहुंची है। स्थिति यह है कि खलिहानों में रखे मक्का नहीं सूखने के कारण मक्का के दाने में अंकुरण आने लगे हैं। इससे मक्का उत्पादक किसान हताश हैं। कृषि विभाग की ओर से अब तक सर्वे शुरू नहीं कराया गया है। इसको लेकर मक्का उत्पादक किसानों में मायूसी दिख रही है। मक्का उत्पादक किसानों ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से तेज धूप नहीं निकलने के कारण खेत और खलिहानों में रखे मक्का के दाने में अब अंकुर आ गया है।

इससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। किसानों ने कहा कि मक्का का वजन तो प्रभावित होगा ही साथ ही अच्छी कीमत भी नहीं मिल पाएगी। कृषि विभाग की ओर से अब तक नुकसान के आकलन को लेकर पहल नहीं की जा रही है। किसानों ने कहा कि हाड़ तोड़ मेहनत और मोटी रकम लगाने के बाद भी किसानों को अपेक्षा के अनुरूप उत्पादन नहीं हो रहा है। इस बार तो मक्का का लागत मूल्य निकलना भी मुश्किल हो गया है। बताते चलें कि जिले में इस बार करीब 94 हजार हेक्टेयर में मक्का की खेती हुई है। अगेती फसल करने वाले किसान ने तत्परता दिखाते हुए मक्का फसल तैयार कर सुरक्षित स्थान पर रख लिया लेकिन विलंब से बोए गए मक्का को तैयार कर निकालना किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। नगदी फसल के तौर जिले में सबसे अधिक मक्का की खेती होती है। किसान बेटी ब्याहने से लेकर दूसरे आवश्यक कार्य के लिए मक्का की खेती पर ही निर्भर रहते हैं। ऐसे में मक्का की खेती के दगा देने के कारण जिले भर के किसानों का हाल बेहाल है। क्या कहते हैं किसान: पिछले कई दिनों से लगातार रुक-रुककर हुई बारिश से मक्का उत्पादक किसान परेशान है। लगातार मौसम खराब रहने के कारण किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है। भरगामा के किसान मिथिलेश कुमार यादव, प्रदीप यादव, ब्रह्मदेव यादव, नरपतगंज के धीरेंद्र सिंह, अशोक कुमार शर्मा आदि ने बताया कि पिछले कई दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। एक तरफ जहां खलिहानों में रखे मक्का के दाने में पौधा निकलने लगा है वहीं खेतों में लगी मक्का को भी मामूली नुकसान पहुंचा है। किसानों ने कहा कि सरकार को क्षति का आकलन कराकर किसानों को मुआवजा देनी चाहिए ताकि किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके। बोले अधिकारी: इधर पूछे जाने पर जिला कृषि पदाधिकारी गौरव प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश मक्का फसल को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। खलिहानों में रखे मक्का को मामूली नुकसान पहुंची है। वे खुद प्रखंडो में जाकर इसका जायजा ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार विलंब से मक्का की कटाई होने के कारण किसानों को इस तरह के परेशानी का सामना करना पड़ा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।