Violence Erupts Over Drain Construction in Dawoodnagar 13 Accused Gunfire Reported नाली निर्माण विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर दर्ज कराए केस, Aurangabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsAurangabad NewsViolence Erupts Over Drain Construction in Dawoodnagar 13 Accused Gunfire Reported

नाली निर्माण विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर दर्ज कराए केस

एक नाली राइफल, नौ जिंदा कारतूस, सात खोखा और एक लोहे की कटारी जब्त अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में एक वार्ड पार्षद, एक पूर्व वार्ड पार्षद समेत कुल 13 लोगों को नाम

Newswrap हिन्दुस्तान, औरंगाबादWed, 4 June 2025 11:28 PM
share Share
Follow Us on
नाली निर्माण विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर दर्ज कराए केस

दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या 25 बिगन बिगहा में नाली निर्माण के दौरान हुए विवाद और गोलीबारी की घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दाउदनगर थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में एक वार्ड पार्षद, एक पूर्व वार्ड पार्षद समेत कुल 13 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। दोनों पक्षों ने गोलीबारी का आरोप लगाया है। घटना मंगलवार की सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। सुजीत कुमार नामक युवक को गोली लगने के बाद पटना रेफर किया गया है। पहली प्राथमिकी सुजीत के पिता ने दर्ज कराई है। घायल युवक सुजीत कुमार के पिता अभिमन्यु सिंह ने एक निजी अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में बताया कि पूर्व में पारित नाली निर्माण कार्य को वह अपनी निजी जमीन पर करवा रहे थे।

उसी जमीन के पटीदार पहुंचे और विरोध करने लगे। बहस के दौरान भृगुनाथ सिंह, बैजनाथ सिंह, अनंत कुमार, रिंकी देवी, शांति देवी द्वारा घर की खिड़की से लाइसेंसी राइफल और पिस्तौल से करीब 20 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें उनका बेटा सुजीत घायल हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गोलीबारी का मकसद केदारनाथ सिंह को मारना था लेकिन गोली सुजीत को लग गई। प्राथमिकी में कहा गया है कि घटना के बाद आनन-फानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया। दूसरी प्राथमिकी बैजनाथ सिंह के द्वारा दर्ज कराई गई है। इसमें वार्ड पार्षद केदारनाथ सिंह, संजय कुमार, ब्रजेश कुमार, विनय कुमार, अभिमन्यु सिंह, भोला सिंह, अजीत कुमार व सुजीत कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है लेकिन इसके बावजूद जबरन नाला निर्माण कराया जा रहा था। विरोध करने पर आरोपितों ने घर में घुसकर मारपीट की और वार्ड पार्षद द्वारा गोली चलाने का आरोप भी लगाया गया है। दाउदनगर थाना प्रभारी विकास कुमार ने कहा दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक नाली राइफल, नौ जिंदा कारतूस, सात खोखा और एक लोहे की कटारी बरामद की है। मामले की विधिवत जांच और विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।