ईद-उल-अजहा की नमाज में उमड़ी भीड़, लोगों ने गले मिलकर दी मुबारकबाद
Hamirpur News - हमीरपुर, संवाददाता। जनपद में ईद-उल-अजहा का पर्व परंपरागत तरीके से संपन्न हो गया। ईदगाह

हमीरपुर, संवाददाता। जनपद में ईद-उल-अजहा का पर्व परंपरागत तरीके से संपन्न हो गया। ईदगाह में हजारों के मजमे ने नमाज अदा कर मुल्क में अमनो-अमान की दुआएं मांगी। पेशइमाम ने कुर्बानी की फजीलत बयान की। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही तीन दिनों तक चलने वाली कुर्बानियों का सिलसिला शुरू हो गया। ईदगाह में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। ड्रोन कैमरे भी निगरानी में लगे थे। पर्व को लेकर सुबह से ही मुस्लिम इलाकों में चहल-पहल दिखाई देने लगी थी। नमाज के वक्त का पहले ही ऐलान हो चुका था, इसलिए लोग तय वक्त पर ही ईदगाह की ओर चल पड़े।
सुबह के सात बजे ईदगाह में पेशइमाम इसरार अली ने हजारों के मजमे को ईद की नमाज अदा कराई। नमाज से पूर्व उन्होंने कुर्बानी की फजीलत को बयान किया। बाद नमाज मुल्क में अमनो-अमान की दुआएं मांगी। लोगों ने नमाज अदा करने के बाद कब्रिस्तानों में जाकर अपने बुजुर्गों की कब्रों पर फातिहा पढ़ी और फिर मवेशियों की कुर्बानियों का सिलसिला शुरू हो गया, जो आज से तीन दिन तक चलेगा। त्योहार को लेकर ईदगाह में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे परिसर में चारों तरफ पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ड्रोन कैमरों से भी पुलिस निगरानी करने में जुटी रही। नमाज से पूर्व डीएम घनश्याम मीणा, एसपी डॉ.दीक्षा शर्मा ने ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फिर अधिकारियों का काफिला मौदहा के लिए रवाना हो गया। मौदहा, राठ, सुमेरपुर, कुरारा, सरीला, मुस्करा, गोहांड आदि कस्बों में ईद का त्योहार हर्षोल्लास पूर्वक संपन्न हो गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।