auto and e rickshaw union announce strike in bihar थम जाएंगे ऑटो और ई रिक्शा के पहिये, हड़ताल का ऐलान क्यों, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi Newsबिहार न्यूज़auto and e rickshaw union announce strike in bihar

थम जाएंगे ऑटो और ई रिक्शा के पहिये, हड़ताल का ऐलान क्यों

वीर कुंवर सिंह पार्क पटना में सभी ऑटो रिक्शा एवं ई रिक्शा संगठनों की बैठक हुई। इसमें यह तय किया गया कि हडताल को पूर्णत: सफल बनाने के लिए सभी ऑटो रिक्शा, ई रिक्शा और सभी स्कूली ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा 8 की रात से 9 सितंबर की 12 बजे रात्रि तक ठप रहेंगे।

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, पटनाSun, 8 Sep 2024 07:07 AM
share Share
Follow Us on
थम जाएंगे ऑटो और ई रिक्शा के पहिये, हड़ताल का ऐलान क्यों

सड़क पर ऑटो या ई-रिक्शा के जरिए सफर करने वालों को यह खबर जरूर पढ़नी चाहिए। ऑटो चालकों ने हड़ताल का ऐलान किया है और इसकी वजह से लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। बिहार की राजधानी पटना में नौ सितंबर को ऑटो रिक्शा एंव ई रिक्शा चालक संयुक्त संघर्ष मोर्चा की ओर से एक दिनी सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। परिवहन विभाग की ओर से ऑटो एवं ई रिक्शा को जोन में बांटकर संख्या के हिसाब से कलर कोड एवं यूनिक कोड के माध्यम से परिचालन कराने के फैसले के विरोध में इसकी घोषणा की गई है।

वीर कुंवर सिंह पार्क पटना में सभी ऑटो रिक्शा एवं ई रिक्शा संगठनों की बैठक हुई। इसमें यह तय किया गया कि हडताल को पूर्णत: सफल बनाने के लिए सभी ऑटो रिक्शा, ई रिक्शा और सभी स्कूली ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा 8 की रात से 9 सितंबर की 12 बजे रात्रि तक ठप रहेंगे। अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष मुर्तजा अली एंव संचालन पप्पू यादव ने किया। बैठक में ऑटो एवं ई रिक्शा संगठनों एंव मोर्चा के नेताओं में अजय कुमार पटेल, नवीन मिश्रा, प्रवीण सिंह आदि थे।

ऑटो रिक्शा चालक जोन परमिट सिस्टम और कलर कोडिंग को वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसके अलावा वो शहर में व्यवस्थित तरीके से रिक्शा स्टैंड बनाने की मांग भी कर रहे हैं। कलर कोडिंग और रूट तय किए जाने को मुसीबत बताने वाले चालकों का तर्क है इससे ना सिर्फ उनकी परेशानी बढ़ेगी बल्कि उनकी कमाई पर भी असर पड़ेगा।