गर्मी से भूगर्भीय जलस्तर खिसका नीचे, चापाकलों से पानी निकलना बंद
खोदावन्दपुर में सामान्य से अधिक गर्मी और कम बारिश के कारण भूगर्भीय जलस्तर लगभग 10 फीट नीचे चला गया है। जलस्रोत सूखने से चापाकल और तालाबों में पानी की कमी हो गई है। इससे मनुष्य और जानवरों के लिए पानी...

खोदावन्दपुर,निज प्रतिनिधि। सामान्य से अधिक गर्मी तथा मौसम के शुष्क रहने व कम बारिश होने के कारण इस क्षेत्र में भूगर्भीय जलस्तर लगभग 10 फीट नीचे खिसक गया है। इसके कारण अधिकांश जलस्रोत सूख गए हैं तथा कई गांव के दर्जनों चापाकल से भी पानी निकलना बंद हो गया है। प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय बेगमपुर के निकट अवस्थित तालाब, दौलतपुर मोइन सहित इस क्षेत्र के दर्जन भर तालाब व अन्य जलस्रोत सूख गए हैं। सामान्य से वर्षा कम होने से भूगर्भीय जलस्तर में गिरावट के कारण चापाकल के पानी का लेयर भी काफी नीचे खिसक गया है। इस कारण मनुष्य और जानवरों के लिए पीने और नहाने के पानी की किल्लत हो गई है।
इस संबंध में बेगमपुर के ग्रामीण कृष्ण कुमार झा व बाड़ा गांव के पंचायत सामिति सदस्य बिनोद सहनी ने बताया कि भूगर्भीय जल का स्तर कम से कम 10 फीट नीचे खिसक गया है। इस कारण चापाकल व बोरिंग पानी कम दे रहा है। वहीं दूसरी ओर वर्षा कम होने के कारण तालाब व जलस्रोत सूख जाने से पशुओं को नहाने व पानी पिलाने मेंं काफी कठिनाई हो रही है। उन्होंने बताया कि मध्य विद्यालय बेगमपुर के निकट अवस्थित तालाब व दौलतपुर मोइन में प्रत्येक वर्ष इस मौसम में पानी रहता था। भूगर्भीय जलस्तर नीचे चले जाने के कारण वह सूख गया है। इन दिनों उस तालाब में बच्चे क्रिकेट खेल रहे हैं। वहीं नुरूल्लाहपुर गांव निवासी मोहम्मद अली इमाम ने बताया कि प्रतिकूल मौसम के कारण भूगर्भीय जलस्तर में आई भारी गिरावट के कारण प्रखंड क्षेत्र का नामी जलस्रोत सागी व दौलतपुर-नुरूल्लाहपुर मोइन जिसमें सालों भर पानी जमा रहता था, बारिश के अभाव में लगभग बीस वर्ष बाद इस बार उसका अधिकांश भाग सूख गया है। यह आने वाले समय में खतरे का संकेत है। इससे आमजनों को कठिनाई हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।