मॉड्यूल ऑपरेशन थियेटर व लेबर रूम की मिलेगी सुविधा
चेरियाबरियारपुर के साथ खोदावंदपुर, बरौनी, साहेबपुर कमाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बलिया अनुमंडल अस्पताल में भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण

बेगूसराय/चेरियाबरियारपुर, हिटी। जिला अंतर्गत पांच स्वास्थ्य संस्थान में नवनिर्मित मॉड्यूलर ओटी एवं मॉड्यूलर लेबर रूम का सामुहिक रूप से उद्घाटन रविवार को सांसद सह केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेरिया बरियारपुर से एक साथ किया। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत प्राप्त पुरस्कार राशि से निर्मित अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और लेबर रूम की सुविधा लोगों को मिलेगी। चेरिया बरियारपुर के साथ-साथ खोदावंदपुर, बरौनी, साहेबपुर कमाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बलिया अनुमंडल अस्पताल में भी नवनिर्मित स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। इस महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन से जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सुधार आएगा।
अब जिले के लोगों को अपने घर के पास ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस पहल से जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आएगी। सिजेरियन सेक्शन (सी-सेक्शन) की सुविधा में भी व्यापक बढ़ोतरी होगी। इस उपलब्धि से जिले के स्वास्थ्य सेवाओं में एक नए युग का सूत्रपात हुआ है। इससे आम नागरिकों को अपने घर से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकेंगी। यह आमलोगों के लिए बहुत ही लाभकारी साबित होगी। चेरियाबरियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यक्रम के दौरान सांसद ने कहा कि पहले अस्पताल में इलाज व प्रसव में मुश्किल होता था। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासन काल में व्यवस्था दुरूस्त की गई है। हर तरह की स्वास्थ्य की सुख सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उद्घाटन के बाद सांसद ने स्थानीय लोगों से अस्पताल के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान डीएम तुषार सिंगला ने कहा कि बेगूसराय जिला ने स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। अब मरीजों कोई परेशानी नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि अब बंध्याकरण और नसबंदी इसी ओटी में होगा। मौके पर विधायक कुंदन कुमार, सिविल सर्जन, जिला परिवहन अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, ज़िला योजना अधिकारी, अनुमंडल अधिकारी मंझौल के अलावा बीजेपी जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, नगर जदयू जिलाध्यक्ष पंकज सिंह, जदयू नेता विकास कुशवाहा, अनिल वर्मा, रमेश सिंह, अशोक महतो, अस्पताल प्रभारी डॉ. आकृति किरण, हेल्थ मैनेजर जितेंद्र कुमार, पीरामल के दीपक मिश्रा, पैक्स अध्यक्ष उमेश कुमार बालाजी, उमेश साह, पटनदेव, मनोज भारती, सुनील कुमार साह आदि लोग मौजूद थे। सांसद और डीएम की गाड़ी रोककर लोगों ने की शिकायत चेरियाबरियारपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में सांसद गिरिराज सिंह की गाड़ी को रोककर एसएफसी गोदाम के मजदूरों ने शिकायत की। एसएफसी गोदाम के मजदूरों ने ने बताया कि ठेकेदार के द्वारा शोषण किया जाता है। खाद्यान को गोदाम से उठाने और रखने का निर्धारित मजदूरी भुगतान में भी काफी देरीकी जाती है। एसएफसी से जुड़ी हुई और भी बहुत सारे बातों को रखा गया। इसके अलावा जदयू नगर अध्यक्ष पंकज सिंह ने डीएम से प्रखंड कार्यालय परिसर की पोखर जीर्णोद्धार की शिकायत की। पंकज सिंह ने कहा कि राशि निकासी के बाद भी दो साल से पोखर का कार्य अटका हुआ है। इसकी जांच कराई जाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।