तिरंगा यात्रा में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री
फोटो नं. 19, तेघड़ा में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह व अन्य।

तेघड़ा, निज प्रतिनिधि। तेघड़ा में आयोजित तिरंगा यात्रा में केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह भी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा प्रखंड कार्यालय के समीप से निकाली गयी और बाजार भ्रमण करते हुए गोशाला तक पहुंची। तिरंगा यात्रा में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे। ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहस को लेकर तिरंगा यात्रा में शामिल युवकों में उत्साह चरम पर था। इससे पूर्व प्रखंड बीस सूत्री कार्यालय का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा आतंकवादियों को संरक्षण दिया जा रहा है। पूरे विश्व में यह बात उजागर हो चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहस और सकारात्मक कार्रवाई के कारण पाकिस्तान को हार माननी पड़ी। भारतीय सेना ने जिस तरह से पाकिस्तान को जवाब दिया वह काबिल-ए-तारीफ है। तिरंगा यात्रा निकाल कर देशवासी यह पैगाम दे रहे हैं कि पूरा भारत युद्ध के समय एक है और एक होकर आतंकवाद का मुकाबला किया जा सकता है। मौके पर पूर्व डीएसपी सुनील कुंवर ने कहा कि तिरंगा यात्रा भारतीय सैनिकों के सम्मान में निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णनंदन सिंह, शालिनी देवी, विकास कुमार, अरुण सिंह सहित एनडीए के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे। बाजार में लोगों ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।