अहिरांव की मुख्य गली में दो वर्षों से जमा हो रहा गंदा पानी
रामपुर प्रखंड के अहिरांव गांव में जलजमाव की समस्या दो वर्षों से बनी हुई है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मदद मांगी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। गंदे पानी से गुजरना किसानों, पशुपालकों और बच्चों के लिए...

जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं, आवागमन में हो रही परेशानी किसानों को उपज लेकर घर लौटने व ग्रामीणों को बाजार जाने में दिक्क्त (बोले भभुआ) रामपुर, एक संवाददाता। प्रखंड के अहिरांव गांव की मुख्य गली में पिछले दो वर्षों से जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। लेकिन, इसके समाधान की दिशा में किसी स्तर पर पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से गुहार लगाई, पर किसी ने उनकी नहीं सुनी। यही कारण है कि वह गंदे पानी से होकर अपने गांव व बाहर आ-जा रहे हैं। विद्यालय पढ़ने जानेवाले बच्चे भी शनिवार को इसी गंदे पानी होकर आ-जा रहे थे।
किसान व पशुपालक भी मवेशियों का चारा लेकर इसी रास्ते अपने घर लौटते दिखे। अहिरांव के महेंद्र सिंह चंद्रवंशी, मन्नू बिंद, बरली के बलिराम पांडेय ने बताया कि जलजमाव के कारण सड़क टूट रही है। आसपास में बने मकान की नींव कमजोर हो रही है। इसी गली से होकर रामपुर प्रखंड के चनकी, बरली, भितरीबांध, करमचट, लेवाबांध आदि गांवों के लोग प्रखंड मुख्यालय आते-जाते हैं। करीब सवा सौ फुट में जलजमाव की समस्या बनी हुई है। गली निर्माण कराते समय नाली का निर्माण नहीं कराया गया। इस कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। कुछ बच्चे साइकिल से और कुछ पैदल स्कूल जाते हैं। कभी-कभी वह गिरकर चोटिल हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जिस गली में जलजमाव की समस्या बनी है, उसमें कई मकान बने हैं। इसमें रहनेवाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। ज्यादा दिनों तक पानी जमा हो जाने से इसका रंग काला हो गया है और इसमें सफेद व काले रंग के कीड़े देखे जा रहे हैं। कुछ कीड़े दीवार के सहारे घरों में भी चले जा रहे हैं। दूषित पानी से दुर्गंध निकलती है। इस कारण ग्रामीणों को अपने घरों में बैठकर भोजन करने में भी दिक्कत होती है। खिड़की-दरवाजा बंद कर उन्हें भोजन करना पड़ता है। पंखा चलाने पर दुर्गंध घरों तक आती है। इससे परेशानी होती है। पंचायत समिति की योजना से नाली निर्माण कराने की दिशा में पहल की जानी चाहिए। फोटो- 31 मई भभुआ- 2 कैप्शन- रामपुर प्रखंड के अहिरांव गांव की मुख्य गली में जलजमाव से होकर शनिवार को स्कूल से पढ़कर अपने घर जाते बच्चे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।