पिकअप की टक्कर से व्यक्ति की मौत, चालक फरार
कहलगांव के रानीपुर-अकबरपुर रोड पर एक अनियंत्रित पिकअप ने अर्जुन दास (48) को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। पंचायत मुखिया...

कहलगांव थाना क्षेत्र के रानीपुर-अकबरपुर रोड पर अकबरपुर स्कूल के समीप शनिवार की दोपहर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने एक व्यक्ति को धक्का दिया। गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। धक्का मारने के बाद वाहन चालक फरार हो गया। मृतक की पहचान सदानंदपुर वैसा पंचायत के रानीपुर गांव के स्व. बैसाखी दास के पुत्र अर्जुन दास (48) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर कहलगांव थाना की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने अकबरपुर गांव की ओर जा रहे अर्जुन दास को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्जुन दास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। पिकअप वाहन चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की पत्नी, पुत्र और पुत्री का रो-रो कर बुरा हाल है। पंचायत के मुखिया गोपाल पासवान ने बताया कि मृतक अर्जुन दास काफी गरीब था। मजदूरी का कार्य करता था। अंचल अधिकारी को घटना की सूचना दी गई है। बताया कि मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए राशि दी जाएगी। कहलगांव थानाध्यक्ष अतुलेश सिंह ने बताया कि धक्का मार कर भागने वाले वाहन की शिनाख्त नहीं हो पायी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।