इंस्पायर अवार्ड में दमखम दिखाने की शुरू हुई तैयारी
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को दिया है निर्देश राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में होगा चयन

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार की ओर से इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन होना है। इसे लेकर सरकारी स्कूलों में तैयारी शुरू कर दी गई है। शिक्षा विभाग द्वारा इस प्रतियोगिता में ज्यादा से ज्यादा स्कूलों की भागीदारी हो, इसके लिए सभी जिलों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है। इस प्रतियोगिता के लिए कटोगरी तय कर दी गई है। कक्षा छह से 12वीं तक के बच्चों से विज्ञान और गणित विषय से जुड़े नवाचार आइडिया को शामिल किया जाएगा। आइडिया एकत्र करने के लिए मध्य और उच्च माध्यमिक स्कूलों में बॉक्स लगाने को कहा गया है।
प्रतिदिन संबंधित विद्यालय के नामित शिक्षकों को बॉक्स खोलकर आइडिया को देखना है। जो बेहतर आइडिया होगा, उस पर बच्चों के माध्यम से प्रोजेक्ट तैयार कराया जाएगा। जो प्रोजेक्ट जिलों से तैयार होंगे, उस आधार पर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा। यह आयोजन एससीईआरटी की मॉनिटरिंग में होगी। जो बच्चे राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होंगे, उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक विद्यार्थी आइडिया पोर्टल पर 15 सितंबर तक पंजीयन करा सकते हैं। शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि इस बार 1000 आइडिया राज्य से भेजे जाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।