अज्ञात शव की पहचान को क्या प्रयास किए, जानेंगे एसपी
अज्ञात शव को लेकर पुलिस की लापरवाही पर लगेगी रोक 72 घंटे तक शव के

भागलपुर, वरीय संवाददाता। किसी थाना क्षेत्र में बरामद किए गए अज्ञात शव की पहचान कराने में लापरवाही नहीं चलेगी। इसको लेकर थाना स्तर पर किए गए प्रयास पर वरीय अधिकारी नजर रखेंगे। इसको लेकर जिलों के एसएसपी व एसपी को डीजीपी विनय कुमार ने निर्देश दिया है। अज्ञात शव की पहचान करने में लापरवाही न हो इसपर ध्यान रखने को कहा गया है। एसपी खुद यह पता करेंगे कि थानेदार ने अज्ञात शव का फोटो कहां शेयर किया। साइबर सेनानी ग्रुप में साझा किया या नहीं। अगर नदी घाट पर शव बरामद किया गया है तो नदी किनारे के थानों से संपर्क किया गया या नहीं।
इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस कप्तान जानकारी लेंगे। लापरवाही करने वाले पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया है। अज्ञात शव को लेकर मुख्यालय के एसओपी का करना होगा पालन अज्ञात शव को लेकर पुलिस मुख्यालय ने एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) भी निर्गत किया है। इसके तहत कहीं अगर अज्ञात शव बरामद किया जाता है तो उसे लाठी डंडे में टांगकर नहीं लाया जाना है। पुलिस वाले की मौजूदगी में या वे खुद उक्त शव को वाहन से पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाएंगे। पोस्टमार्टम कराने के बाद उक्त शव को सुरक्षित रखा जाएगा। इसके अलावा अज्ञात शव को वाहन तक लाने और पोस्टमार्टम ले जाने के दौरान चादर से ढंकना जरूरी बताया गया है। सुदूर इलाके में क्षत-विक्षत शव मिले तो पुलिस की टीम का गठन कर शव को लाने के लिए भेजना जरूरी। शाम होने की वजह से शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सके तो डीएसपी शव को सुरक्षित रखना सुनिश्चित करेंगे। शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। अगर उसके बाद भी पहचान नहीं होती है तो मृतक के धर्म के अनुसार अंतिम संस्कार भी कराया जाएगा। शहर में यहां से बरामद हुए अज्ञात शव - बरारी थाना क्षेत्र में नदी घाट के पास से 17 मई को एक महिला व पुरुष का अज्ञात शव बरामद हुआ। - औद्योगिक थाना क्षेत्र में 12 मई को अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। पहचान नहीं हुई - 29 मार्च को बरारी में नदी घाट से लगभग 35 साल के अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। - 17 मार्च को जीरोमाइल थाना क्षेत्र के रानी तालाब इलाके में अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। - 13 मार्च को जगदीशपुर के टेकानी रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात लड़की का शव बरामद किया गया। - नौ मार्च को बरारी के पुल घाट के पास अज्ञात युवक का शव बरामद, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। - पिछले साल 25 अक्टूबर को लोदीपुर के गंगटा पोखर के पास अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। - पिछले साल 24 अक्टूबर को सबौर के बंशीटीकर के पास अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। - 15 दिसंबर 2024 को तातारपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। - 19 नवंबर 2024 को सुल्तानगंज के महेशी रेलवे स्टेशन के पास से अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। - 21 अक्टूबर 2024 को बायपास इलाके में अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैली। - 16 अक्टूबर 2024 को बरारी के पुल घाट पर अज्ञात युवक का शव मिला, उसके नाक से खून बहा था। - पिछले साल 25 सितंबर को बरारी के मुसहरी घाट पर अज्ञात महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। - नौ जून 2024 को अलीगंज में रेलवे पटरी पर अज्ञात युवक युवती गंभीर मिले। दोनों की मौत हो गई। - चार अक्टूबर 2023 को नाथनगर के प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास से अज्ञात युवक का शव मिला था। - 19 जून 2023 को धोबिया काली स्थान के पास रेल पटरी पर अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।