मौसम में आया बदलाव, तेज धूप ने बढ़ाई परेशानी
मुंगेर में तीन-चार दिनों तक बादल छाये रहने के बाद बुधवार को तेज धूप आई। दिन में गर्मी इतनी बढ़ गई कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को हल्की वर्षा की संभावना जताई है, जिससे तापमान...

मुंगेर, एक संवाददाता। तीन-चार दिनों तक लगातार बादल छाये रहने के बाद बुधवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से ही धूप में गर्मी रही। दोपहर के समय तेज धूप में लोग परेशान रहे। दोपहर में धूप की तीव्रता इतनी बढ़ गई कि, लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि, आसमान में बीच-बीच में बादल भी आते रहे। लेकिन बादल के छंटते ही सूरज की तीक्ष्ध किरणें बदन जलाने लगी। स्कूल से लौटने वाले बच्चे तेज धूप में परेशान रहे। इस दौरान हल्की पूर्वी हवा भी चलती रही, लेकिन वह भी तेज धूप एवं गर्मी से राहत देने में नाकाफी रही।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार बुधवार को वर्षा नहीं हुई, जबकि जिले में 7 मिमी तक बारिश की संभावना बनी हुई थी। बुधवार मौसम के इस तेवर से मुंगेर के अधिकतम तापमान में भी 6 डिग्री सेल्सियस की तेज वृद्धि हुई। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी लगभग चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। ऐसे में मुंगेर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। अब मौसम विभाग ने गुरुवार को भी हल्की वर्षा की संभावना जताई है। जिले में लगभग 9 मिमी तक वर्षा होने का अनुमान है। इसके साथ ही उत्तरी-पूर्वी हवा के मध्यम गति से चलने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है। हवा की अधिकतम गति लगभग 25 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि, आज तापमान में कमी आने से और वर्षा की स्थिति बनने से लोगों को तेज धूप एवं गर्मी से राहत मिल सकती है। कहते हैं वैज्ञानिक: मुंगेर के लोगों को फिलहाल मौसम के उतार- चढ़ाव से दो-चार होते रहने की संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में जिले में वर्षा की संभावना बनी हुई है। वर्षा होने की स्थिति में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। जब तक जिले में मानसून का प्रवेश नहीं हो जाता है ,तबतक बीच-बीच में मौसम परेशान करेगा। -मुकेश कुमार, वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान,केविके, मुंगेर।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।