RCB कप्तान रजत पाटीदार ने रचा इतिहास; धोनी, रोहित जैसे दिग्गजों के एलिट क्लब में हुए शामिल
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने इतिहास रच दिया है। वह आईपीएल इतिहास के पांचवें ऐसे भारतीय हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी के पहले ही वर्ष में टीम को फाइनल में पहुंचाया है। इस तरह वह महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के एलिट क्लब में शामिल हो गए हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराकर शान से फाइनल में प्रवेश किया है। इसके साथ ही टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने कप्तान के तौर पर अपना नाम महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा जैसे आईपीएल के कुछ चुनिंदा लीजेंड्स के एलिट क्लब में दर्ज करा दिया है। अपनी कप्तानी के पहले ही वर्ष में टीम को आईपीएल के फाइनल में पहुंचाकर पाटीदार ऐसे 5वें भारतीय बन चुके हैं।
आरसीबी ने पंजाब किंग्स को रौंदा
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के पहले क्वालीफायर में गुरुवार को मुल्लांपुर में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीता। उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला करते हुए पंजाब किंग्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली PBKS 15वें ओवर में ही 101 रन पर ऑल-आउट हो गई।
पंजाब के लिए मार्कस स्टोइनिस ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच रहे आरसीबी के सुयश शर्मा के अलावा जोश हेजलवुड ने भी 3-3 विकेट हासिल किए। यशदयाल ने 2, भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट हासिल किए। जवाब में आरसीबी ने 10 ओवर में ही 8 विकेट से जीत हासिल कर ली। फिल शॉल्ट ने 56 रन की शानदार नाबाद पारी खेली।
इसी साल फरवरी में आरसीबी के कप्तान बनाए गए रजत पाटीदार
रजत पाटीदार फरवरी 2005 में आरसीबी के कप्तान बनाए गए। उनकी कप्तानी के पहले ही वर्ष में टीम आईपीएल फाइनल में पहुंच चुकी है। आईपीएल 2025 का फाइनल 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। आरसीबी कुल मिलाकर चौथी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है। हालांकि, इससे पहले के तीनों मौकों पर उसे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। इस बार टीम आईपीएल में अपने खिताबी सूखे को हर हाल में खत्म करना चाहेगी।
फाइनल में आरसीबी की कप्तानी करने वाले खिलाड़ी
अनिल कुंबले- 2009
डेनियल वेटोरी- 2011
विराट कोहली- 2016
रजत पाटीदार- 2025
कप्तानी के पहले ही वर्ष में IPL फाइनल में पहुंचने वाले भारतीय
अपनी कप्तानी के पहले ही वर्ष में टीम को फाइनल में पहुंचाने वाले पहले भारतीय महेंद्र सिंह धोनी थे। उन्होंने 2008 में आईपीएल के पहले ही सीजन में अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को फाइनल में पहुंचाया। हालांकि, तब सीएसके टाइटल नहीं जीत पाई थी।
अनिल कुंबले दूसरे ऐसे भारतीय हैं जिन्होंने जिनकी कप्तानी के पहले ही वर्ष में टीम ने आईपीएल फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने यह कारनामा 2009 में किया था। सीएसके की तरह ही आरसीबी को भी तब रनर-अप के तौर पर ही संतोष करना पड़ा।
2013 में रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के कैप्टन बने और उसी वर्ष उन्होंने टीम को आईपीएल फाइनल में पहुंचाया।
2022 में हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस के कप्तान बने। उनकी कप्तानी के पहले ही वर्ष में गुजरात टाइटंस आईपीएल फाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई थी।
अब आईपीएल कप्तानों के इस एलिट क्लब में रजत पाटीदार की भी एंट्री हो गई है।
अपनी कप्तानी के पहले ही वर्ष में आईपीएल फाइनल में पहुंचने वाले भारतीय
महेंद्र सिंह धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स)- 2008
अनिल कुंबले (आरसीबी)- 2009
रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस)- 2013
हार्दिक पांड्य (गुजरात टाइटंस)- 2022
रजत पाटीदार (आरसीबी)- 2025
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।