धूप-छांव के बीच दिन भर गर्मी-उमस ने किया परेशान
आज से दो जून तक आंशिक बदरी संग गर्मी-उमस का जोर कहीं-कहीं हो सकती है

भागलपुर, वरीय संवाददाता सुबह से बादलों की आवाजाही के बीच शुक्रवार को दिन भर कभी धूप तो कभी छांव की स्थिति रही। आंशिक बदरी के बीच गर्मी का जोर बढ़ा तो उमस ने लोगों के पसीने निकाल दिये। हालांकि रात की गर्मी के तेवर कुछ कम रहे, लेकिन राहत लोगों को कुछ खास नहीं मिला। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो शनिवार से दो जून के बीच गर्मी-उमस का जोर रहेगा और इस दौरान जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 0.9 डिसे चढ़ा दिन का पारा, आधा डिसे नीचे आया रात का तापमान बीते 24 घंटे के दौरान जहां दिन का पारा 0.9 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया तो वहीं दूसरी तरफ रात का पारा आधा डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को प्राप्त संख्यात्मक मॉडल, उपग्रहीय तस्वीर एवं अन्य मौसमी विश्लेषण से ज्ञात होता है कि उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से डेढ़ किमी ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। जबकि उत्तर प्रदेश के मध्य भागों के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप व बलूरघाट से होकर गुजर रही है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से शनिवार से दो जून के बीच जिले में आंशिक बदरी के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है। इस दौरान गर्मी व उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।