वार्ड सदस्य ने आम रास्ते पर लगा दी दीवार
कई गांवों के लोगों का आवागमन हुआ बाधित वार्ड सदस्य ने आम रास्ते पर लगा दी दीवार वार्ड सदस्य ने आम रास्ते पर लगा दी दीवार

कई गांवों के लोगों का आवागमन हुआ बाधित एसडीओ के आदेश पर पुलिस ने रुकवाया काम फोटो: बेन दीवार-बेन प्रखंड के जनारो गांव में रास्ते पर लगायी गयी दीवार। सिलाव, निज संवाददाता। बेन प्रखंड के जनारो गांव में आम रास्ते पर दीवार लगा दी गयी है। दीवार लगाने का आरोप वार्ड पार्षद विरेन्द्र प्रसाद पर लगाया जा रहा है। उनकी पत्नी उषा देवी पंचायत समिति सदस्य है। दीवार लगाने से कई गांवों के लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीओ से इसकी शिकायत की है। एसडीओ के निर्देश पर पुलिस ने फिलहाल काम को रुकवा दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सैकड़ों साल से यह रास्ता है। इस पर दर्जनों बार सरकारी योजनाओं से नाली व गली निर्माण का काम हुआ है। इस रास्ते से प्रति दिन दर्जनों ट्रैक्टर, टेम्पो, मैजिक वाहन व ई-रिक्शा सिलाव से जनारो होते हुए केंदुआ बिगहा, कौआकोल, गड़ेड़िया बिगहा, उमराव बिगहा और करजारा गांव तक जाते हैं। गली को घेर लेने से बड़े वाहन अब नहीं गुजर सकते हैं। सिर्फ बाइक व ई-रिक्शा चलने की जगह बची है। हैरत की बात है कि जिन वार्ड सदस्य पर आम रास्ता रोकने का आरोप लगा है, उन्हीं के द्वारा एक साल पूर्व करीब 10 लाख रुपये की लागत से गली की ढलाई व ढक्कन युक्त नाला का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों ने राजगीर एसडीओ आशीष नारायण, बेन सीओ व थानाध्यक्ष से इसकी शिकायत की। एसडीओ ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सीओ व थानाध्यक्ष को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि गली को घेरा जा रहा था। इसे रुकवा दिया गया है और दीवार का हटाने का आदेश दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।