बॉलीवुड स्टार मनोज बाजपेयी का गांव प्रेम छलका, डीएम से मिल कहा- अगर मेरी जरूरत पड़ी तो..
- मशहूर फिल्म अभिनेता पद्मश्री मनोज बाजपेयी अपने पैतृक गांव बेलवा पहुंचे। उन्होंने गुरुवार को भितिहरवा आश्रम जीवन कौशल ट्रस्ट में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।

प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता एवं दर्जनों फिल्मों में अपनी एक्टिंग के बल पर लोगों के दिलों दिमाग पर छाने वाले अभिनेता पद्मश्री मनोज बाजपेई ने डीएम दिनेश कुमार राय से गुरुवार को मुलाकात की। मुलाकात के क्रम में मनोज बाजपेई ने अपने गांव, पंचायत एवं जिले के विकास कार्यों पर डीएम के साथ विस्तृत चर्चा की। ज्ञातव्य है कि अभिनेता श्री बाजपेई जिले के गौनाहा प्रखंड के बेलवा गांव के निवासी हैं।
उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों और उसके तीव्र कार्यान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। डीएम श्री राय ने श्री बाजपेई का स्वागत किया और उन्होंने पश्चिमी चंपारण जिले में विकास कार्य के लिए किये जा रहे अपने प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास आवंटन की कोई कमी नहीं है और विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण कराया जा रहा है। श्री बाजपेई ने जिलाधिकारी को उनके द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों के लिए प्रशंसा की और कहा कि इसी तरह विकास कार्यों को आम जनों तक पहुंचाते रहें और इसमें अगर मेरी भी कोई जरूरत हो तो उसमें हम आपके साथ हैं।
गांधी के सपनों को पूरा करने में ट्रस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण
मशहूर फिल्म अभिनेता पद्मश्री मनोज बाजपेयी अपने पैतृक गांव बेलवा पहुंचे। उन्होंने गुरुवार को भितिहरवा आश्रम जीवन कौशल ट्रस्ट में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। साथ ही गांधी और कस्तूरबा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह, सचिव ज्ञानदेव मणि त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष राकेश राव, शिक्षक दीपेंद्र बाजपेयी द्वारा मनोज बाजपेयी और उनके छोटे भाई सरोज बाजपेयी को आम्र पल्लव के मुकुट व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सिनेस्टार श्री बाजपेयी ने कहा कि गांधी के सपनों को पूरा करने में भितिहरवा आश्रम जीवन कौशल ट्रस्ट जिस प्रकार अपनी जिम्मेदारियां पूरा कर रहा है, वह प्रशंसा के योग्य है। यहां आने के बाद काफी सुकून की अनुभूति होती है।
उन्होंने कहा कि विश्व को सत्य व अहिंसा की पाठ पढाने वाले तथा मानवता के पथ प्रदर्शक गांधी के विचारों से वर्तमान परिवेश में अवगत होने की जरूरत है। इसके साथ ही विभिन्न बिन्दुओं पर प्रकाश डाला। ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि गाँधी के चम्पारण आगमन के 108 वर्ष पूरे होने वाले हैं। ट्रस्ट गांधी के विचारों के साथ भीतिहरवा और उसके समीपवर्ती गांवों में जाकर उनके विचार का प्रसार कर रहा है।