जिले में अलग-अलग जगहों पर सर्पदंश से महिला व किशोर की मौत
दरभंगा जिले में पिछले 24 घंटे में सर्पदंश की दो घटनाओं में एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई। महिला को घर में सोते समय सांप ने डस लिया जबकि किशोर सोते समय सांप के काटने से गंभीर स्थिति में पहुंचा।...

दरभंगा/बहेड़ी, हिटी। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुई सर्पदंश की घटनाओं में एक महिला और एक किशोर की मौत हो गयी। केवटी थाना क्षेत्र के ब्िारऔल में शुक्रवार की देर रात घर में सो रही महिला को सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में उसे डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग पहुंचाया गया। इलाज के दौरान शनिवार की सुबह महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान नीरज दास की पत्नी रानी देवी (35) के रूप में की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया। डीएमसीएच के पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद मृतका के पति नीरज दास ने बताया कि शुक्रवार की रात उनकी पत्नी की चीख सुनकर उनकी नींद खुली।
पत्नी ने बताया कि उसके हाथ में किसी कीड़े ने काट लिया। फर्श पर नजर पड़ने पर वहां से जा रहे सांप पर नजर पड़ी। आनन-फानन में वे अपनी पत्नी को लेकर डीएमसीएच पहुंचे। इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मजदूरी कर वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्हें दो बेटी और एक बेटा है। उधर, बहेड़ी थाने की नपं बहेड़ी के नौडेगा गांव के वार्ड दो में सर्पदंश से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गयी। उक्त गांव के रविंद्र साह व अनीता देवी के पुत्र सुनील साह को गत शुक्रवार की देर रात सोई हुई अवस्था में विषैले सांप ने डस लिया। सुनील ने कुछ देर बाद अपनी मां को बताया कि मुझे कुछ काट लिया है। तब तक उसकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी। परिजनों ने रात में ही उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहेड़ी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां अनीता देवी, पिता रविंद्र साह, बहन रितु कुमारी, अलोखी कुमारी, भाई अनिल कुमार, दादा बचाव साह व दादी उर्मिला देवी के चीत्कार मारकर रोने की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ मृतक के घर पर जमा हो गई। इस करुण दृश्य को देखकर लोग अपने को रोने से नहीं रोक पा रहे थे। पूर्व पंसस रेखा देवी व वार्ड पार्षद वैद्यनाथ यादव ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। सुनील मध्य विद्यालय नौडेगा की छठी क्लास का छात्र था। परिजनों ने इस घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को नहीं दी। शव का अंतिम संस्कार गांव में ही किया गया। मुखाग्नि मृतक के छोटे भाई अनिल कुमार ने दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।