कम उम्र में न करें बेटियों की शादी: काजल
टिकारी व कोंच में चलाया गया जागरुकता अभियान

महिलाओं और लड़कियों के शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति समाज में फैली गलत भ्रांतियों के प्रति लोगों को सजग करने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वीडियो वैन और नुक्कड़ नाटक की टीम मंगलवार को टिकारी के फतेहपुर-नेपा और कोंच के उतरैन गांव पहुंची। यहां लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया गया। ब्रेक थ्रू संस्था की वीडियो वैन के माध्यम से ग्रामीणों को वीडियो दिखाते हुए लड़के और लड़कियों दोनों शिक्षा का बराबर मौके देने और कम उम्र में विवाह ना करने की अपील की। कम उम्र में शादी से होने वाले नुकसान को बताया गया। वर्तमान परिवेश में शिक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए हर हाल में बच्चों को शिक्षित बनाने की अपील की गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को महिलाओं और लड़कियों में होने वाली माहवारी के दौरान समाज में फैली कुरीतियों को तोड़ने के प्रति जागरूक किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता काजल ने कहा कि माहवारी एक सामान्य प्रक्रिया है जो हर एक महिलाओं और लड़कियों को होती है। उन्होंने कहा कि हमे इसे छुआछूत या बीमारी नहीं समझना चाहिए। जिस तरह से हम आम दिनों में रहते हैं उसी तरह इन दिनों में और भी साफ सफाई के साथ रहना और पोषण युक्त भोजन करना चाहिए। हमारे समाज में माहवारी को लेकर गलत धारणा बनी हुई है। हम लोगों को इन गलत धारणाओं को समाप्त करने और इसके प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। मौके पर नेपा फतेहपुर के वार्ड सदस्य रंजन चौधरी, शांति देवी, कारी देवी, टोला सेवक रीना कुमारी, पंच ममता देवी मौजूद थीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।