Political Turmoil Escalates for Bodhgaya Nagar Parishad Vice Chairperson By-Election बोधगया नगर परिषद उपसभापति पद के लिए चुनावी सरगर्मी हुई तेज, Gaya Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsGaya NewsPolitical Turmoil Escalates for Bodhgaya Nagar Parishad Vice Chairperson By-Election

बोधगया नगर परिषद उपसभापति पद के लिए चुनावी सरगर्मी हुई तेज

बोधगया नगर परिषद के उपसभापति पद के लिए 28 जून को होने वाले उपचुनाव में 5 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 55,540 मतदाता हैं। चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है, जहां पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, पूर्व...

Newswrap हिन्दुस्तान, गयाMon, 16 June 2025 05:00 PM
share Share
Follow Us on
बोधगया नगर परिषद उपसभापति पद के लिए चुनावी सरगर्मी हुई तेज

बोधगया नगर परिषद के उपसभापति पद के लिए 28 जून को होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित इस पद पर कुल 5 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। नगर परिषद क्षेत्र के सभी 33 वार्डों में 55 हजार 540 मतदाता हैं। सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। गांवों और मोहल्लों में डोर-टू-डोर संपर्क के साथ-साथ सामाजिक व राजनीतिक स्तर पर भी गोलबंदी की जा रही है। नगर परिषद क्षेत्र में इस बार का चुनाव बेहद रोचक होता जा रहा है। राजनीतिक समीकरणों के बीच त्रिकोणीय मुकाबले की स्पष्ट स्थिति बन गई है।

पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आरती देवी के पति एवं मौजूदा पैक्स अध्यक्ष श्रीकांत प्रसाद, पूर्व उपाध्यक्ष मनोरमा देवी के पति संजय यादव तथा पूर्व उपसभापति कौशमी देवी के प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ये तीनों अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी ताकत से सक्रिय हैं। इनकी भूमिका ने चुनावी समीकरणों को और भी दिलचस्प बना दिया है। इधर, दो अन्य प्रत्याशी भी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में डटे हुए हैं और जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। ऐसे में मुकाबला बहुकोणीय होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस बार का चुनाव परिणाम कई पुराने गणितों को ध्वस्त कर सकता है। समस्याओं के समाधान के वादों के साथ हो रहा प्रचार सभी उम्मीदवार वार्ड स्तर पर अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रयासरत हैं। मतदाताओं तक पहुंचने के लिए छोटी-छोटी बैठकों, महिला समूहों के बीच संवाद और स्थानीय समस्याओं के समाधान के वादों के साथ प्रचार किया जा रहा है। युवा मतदाताओं और पहली बार वोट देने वालों को भी लुभाने की कोशिश हो रही है। नगर परिषद बोधगया में यह चुनाव कई लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जहां एक ओर विभिन्न राजनीतिक धड़ों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है तो वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों में तेजी लाने की उम्मीदें भी इस चुनाव से जुड़ी हुई है। 28 जून को सभी 70 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे और 30 जून को काउंटिंग होगी। इसके साथ स्पष्ट हो जाएगा कि जनता किसे उपसभापति के रूप में अपना प्रतिनिधि चुनती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।