पुलिस पर हमला के आरोप में हिरासत में लिए गए युवक की मौत
मदरवानी गांव में मंगलवार की शाम को शराब तस्कर को पकड़ने गई पुलिस पर किया गया था हमला

फुलवरिया, एक संवाददाता। फुलवरिया थाना क्षेत्र के मदरवानी गांव में मंगलवार देर शाम पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद हिरासत में लिए गए एक युवक की इलाज के दौरान सदर अस्पताल, गोपालगंज में मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का 35 वर्षीय अनिल राम था। वह कुख्यात शराब तस्कर अजय यादव के घर पर रहकर काम करता था। घटना में थानाध्यक्ष जय हिंद यादव सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी का इलाज फुलवरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घायल पुलिसकर्मियों में अवर निरीक्षक पंकज कुमार चौधरी, गृह रक्षक अवधेश तिवारी, बलराम सिंह, चौकीदार विजय यादव, वशिष्ठ यादव और अनिल राम शामिल हैं।
गंभीर रूप से बीमार था अनिल राम, इलाज के दौरान मौत पुलिस के अनुसार,पुलिस टीम पर हमले के दौरान घायल हुआ अनिल राम पूर्व से ही गंभीर बीमारी से ग्रसित था। पुलिस ने उसे फुलवरिया अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था। जहां तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। घटना में मदरवानी गांव की सरपंच माया देवी की पुत्री अंशु कुमारी, अनिल राम की पुत्री रागिनी कुमारी, अनु कुमारी, वृद्ध रामदेयी देवी, कलावती देवी, विधवा इंद्रावती कुमारी, कुंवरी देवी और सुनील यादव की पत्नी गुड़िया देवी घायल हो गईं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। शराब तस्कर की गिरफ्तारी को लेकर हुई थी पुलिस कार्रवाई एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि कुख्यात शराब माफिया अजय यादव की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष जय हिंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मदरवानी गांव गई थी। पुलिस ने अजय यादव को पकड़कर गाड़ी तक लाया ही था कि करीब 20 की संख्या में महिला-पुरुषों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प और मारपीट हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने अनिल राम सहित सात महिलाओं को हिरासत में लिया था। जिन्हें पूछताछ के बाद बुधवार सुबह छोड़ दिया गया। पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है। चिन्हित किए गए आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। मामले में थानाध्यक्ष जय हिंद यादव के बयान के आधार पर अजय यादव सहित 20 महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।