Lakhisarai Woman murdered with lover लखीसराय: प्रेमी के साथ मिली महिला की हत्या, Lakhisarai Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsLakhisarai NewsLakhisarai Woman murdered with lover

लखीसराय: प्रेमी के साथ मिली महिला की हत्या

अनैतिक संबंधों को लेकर बीते रविवार को जिस महिला व उसके प्रेमी को पेड़ से बांधा गया था, उस महिला की हत्या कर दी गई है। घटना को किसने अंजाम दिया, इसका...

Newswrap हिन्दुस्तान, लखीसरायFri, 7 May 2021 03:53 AM
share Share
Follow Us on
लखीसराय: प्रेमी के साथ मिली महिला की हत्या

बड़हिया (लखीसराय)। एक संवाददाता

अनैतिक संबंधों को लेकर बीते रविवार को जिस महिला व उसके प्रेमी को पेड़ से बांधा गया था, उस महिला की हत्या कर दी गई है। घटना को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं हत्या के बाद से महिला के ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए हैं। बताया गया कि अंतिम बार महिला के पति ने उसे मायके छोड़कर आने की बात कही थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

वीरुपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते रविवार से जारी हाईवोल्टेज ड्रामे ने नया मोड़ ले लिया है। बीती रविवार की रात बिजली पोल और पेड़ से बांधकर रखी गयी विवाहिता को अगले दिन उसके कथित प्रेमी के साथ शादी करा दी गयी थी। गुरुवार को हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हत्या मामले में महिला के मायके वालों ने थाने में आवेदन दिया है, जिसमें हत्यारोपी के रूप में महिला के पति चंदन कुमार और ससुर अवधेश महतो को नामजद किया गया है। महिला को पति की गैर मौजूदगी में अन्य युवक के साथ देखे जाने की स्थिति में गांव वालों ने रविवार की पूरी रात महिला और उसके कथित प्रेमी को बिजली के पोल और पेड़ से बांधकर रखा गया था। अगले दिन सोमवार को उसके पति सहित सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका विवाह कथित प्रेमी (शेखपुरा जिला निवासी सचिन कुमार) से करा दी गयी थी। इसके बाद भी मामले की जानकारी एक किलोमीटर दूर स्थित स्थानीय थाने की पुलिस को नहीं हो सकी। सारे घटनाक्रम के बाद प्रेमी के साथ विदा किये जाने के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा प्रेमी और महिला को थाना लाया गया था। वहां महिला जबरन शादी कराने की बात कहती हुई प्रेमी के बजाय अपने पति और दो वर्षीय पुत्री के साथ ही रहने की जिद पर अडिग रही। वहीं ससुराल वाले किसी भी हालत में महिला को घर ले जाने को राजी नहीं थे।

रातभर घर से बाहर रही थी महिला

महिला व उसके प्रेमी को थाना ले जाने के बाद महिला को चौकीदार की मदद से सोमवार की देर शाम ससुराल के दरवाजे तक पहुंचाया जा सका था। दरवाजे तक पहुंची महिला मिन्नतें करती रहीं, पर घर वालों ने घर में प्रवेश करने नहीं दिया। मजबूरन महिला घर से दूर बथान (पशु सेड) में रात बिताने को मजबूर रही। अगले दिन मंगलवार को पता चला कि महिला को ससुराल वालों द्वारा शेखपुरा जिला स्थित उसके मायके पहुंचा दिया गया।

शव मिलने के बाद लग रहे आरोप

गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महिला का शव उसी बथान में पाए जाने की जानकारी मिली, जहां वह सोमवार की रात बिताई थी। बथान में एक बिछावन, दो सूखी रोटी और महिला का शव पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया तो महिला के ससुराल वाले गायब पाए गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच ससुराल और मायके वालों के द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाने की बातें सामने आईं। मायके वाले मृतका के पति और ससुर को हत्या का आरोपी बता रहे हैं तो ससुराल पक्ष के लोग मायके में ही हत्या कर शव को घर से दूर बथान पर रख देने की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं।

पहले भी अनैतिक संबंध का आया था मामला

ग्रामीणों की मानें तो मृतक महिला पूर्व के वर्षों में भी अलग-अलग दो युवको के साथ संदेहास्पद स्थिति में मिली थी। इसके बाद पंचायती और मायके वालों के मान-मनौवल पर ससुराल पक्ष उसे रखने को तैयार हुआ था। मृतका की एक छोटी बच्ची भी है, जिसे ससुराल पक्ष के द्वारा अपने पास रख लेने की जानकारी मिली है।

महिला की गला दबाकर की गयी हत्या: थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि महिला की हत्या गला दबाकर की गयी है। मृतका के भाई द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें महिला के पति और ससुर को नामजद किया गया है। आरोपी घर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर हर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।