संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज
झंझारपुर में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए डीएम के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बीडीओ अभिलाषा पाठक की अध्यक्षता में तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपायों पर चर्चा की गई। आपदा...
झंझारपुर। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए झंझारपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। डीएम के निर्देश पर झंझारपुर के बीडीओ अभिलाषा पाठक की अध्यक्षता में मंगलवार को कमला बलान के पूर्वज तटबंध के पास निर्माणाधीन आश्रय स्थल पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संवेदक और ग्रामीण शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति में तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की गई, जिसमें विशेष रूप से सीपीजे और पाइपिंग जैसी स्थितियों से निपटने के तरीकों पर प्रशिक्षण दिया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विस्तार से बताया गया कि सीपीजे और पाइपिंग की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल क्या कदम उठाने चाहिए और इन समस्याओं को रोकने के लिए कौन से उपाय किए जा सकते हैं।
बीडीओ ने सभी उपस्थित लोगों से संभावित बाढ़ के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते उचित कदम उठाकर ही जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। विभागीय अभियंताओं ने तटबंधों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और उनके रखरखाव एवं मजबूतीकरण के लिए चल रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव दिए और क्षेत्र की विशिष्ट चुनौतियों से अवगत कराया। बैठक में बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल एक के सहायक अभियंता राम आशीष सिंह, अश्विनी कुमार सिंह, जेई राजीव कुमार प्रभाकर, नागमणि प्रसाद, के अलावा जदयू के जिलाध्यक्ष श्री नारायण भंडारी, महेश कामत, जगदीश राम, सुरेश राम, बिनोद राउत आदि जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। ऐसी बैठक अक्टूबर तक हर महीने किए जाने का निर्देश डीएम ने दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।