दूसरी बच्ची का शव हुआ नदी से बरामद
चिरैया, निज संवाददाता शिकारगंज थाना क्षेत्र के गोढ़ीया गांव में नाव पलटने से डूबी
चिरैया, निज संवाददाता शिकारगंज थाना क्षेत्र के गोढ़ीया गांव में नाव पलटने से डूबी दूसरी बच्ची का शव भी सोमवार को बरामद कर लिया गया है। काफी मशक्कत के बाद एन डी आर एफ की टीम ने दोपहर सवा दो बजे शव को नदी से बरामद किया है। बरामद शव ग्रामवासी हेमन सहनी की पुत्री प्रीति कुमारी (8) की है। जो गांव के बच्चों के संग घर के पास बहने वाली सिकरहना नदी में स्नान करने गई थी। वह हाल ही में नेपाल से अपने घर आई थी। करीब तीन साल पूर्व उसकी मां शीला देवी की मौत हो गई थी।
तब से वह अपने पिता हेमन सहनी के साथ कभी नेपाल तो कभी घर पर रह रही थी। घटना के समय वह ग्रामीण बच्चों के साथ नदी में स्नान कर रही थी। कौतूहल वश बच्चे नाव पर सवार होकर पानी में छलांग लगाने लगे। जिसके कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई। जिसमें करीब आठ बच्चे डूब गए। इसी क्रम में बच्चों को डूबते हुए देख कर ग्रामवासी बनारसी सहनी की पत्नी राजपति देवी ने नदी में छलांग लगा कर छह बच्चों को डूबने से बचा लिया। लेकिन हीरामन सहनी की पुत्री लक्ष्मी कुमारी व हेमन सहनी की पुत्री प्रीति कुमारी को बचाया नहीं जा सका। बाद में सूचना पर पहुंची एन डी आर एफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद लक्ष्मी कुमारी के शव को बरामद कर लिया था। वहीं अंधेरी रात होने के कारण प्रीति कुमारी के शव को खोजा नहीं जा सका। जिसे सोमवार की दोपहर पानी से निकाला गया है। घटना स्थल पर शिकारगंज पुलिस को छोड़कर कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी दोपहर तक वहां नहीं पहुंचे थे। जिसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था। बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर राजद नेता अच्छेलाल यादव व पैक्स अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने जिला प्रशासन से समुचित मुआवजे की मांग किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।