दरवाजे के सामने खुले नाले, घर से निकलना मुश्किल
मुजफ्फरपुर के ओरिएंट क्लब इलाके में खुले नाले लोगों के लिए खतरनाक बन गए हैं। 30 फीट लंबे इस नाले में जलजमाव और गंदगी से हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से कई बार मदद मांगी, लेकिन...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। आमगोला पुल से उतरते ही ओरिएंट क्लब इलाके में सड़क किनारे खुले नाले खतरनाक हैं। यह नारकीय स्थिति उत्पन्न कर रहा है। लोगों के दरवाजे के सामने खुले नाले हैं। इससे घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। 30 फीट से अधिक यह नाला लबालब भरा है। इससे हादसे का अंदेशा बना रहता है। हालत यह है कि नाले के किनारे पर ईंट रख कर उसके सहारे पानी के पाइप को घर के अंदर ले जाया गया है। नाले के किनारे घर में रहने वाले लोगों की यह पीड़ा पुरानी है। नगर निगम से लेकर जन प्रतिनिधियों तक से इस बाबत गुहार लगाते-लगाते लोग थक गए, पर नाले के उपर स्लैब नहीं डाला गया है।
यह समस्या ओरिएंट क्लब इलाके में कई जगहों पर है। नाले की चौड़ाई करीब चार फीट और गहराई छह-सात फीट तक है। कुछ दुकानों के सामने भी नाले खुले हैं। यह सड़क आमगोला पुल को रामदयालू नगर से जोड़ता है। दिन-रात वाहनों का आवागमन होता है। स्थानीय व्यवसायी पवन चौधरी ने बताया कि लंबे समय से यह समस्या है। विशेषकर बारिश के मौसम में खुले नाले के कारण जलजमाव की समस्या भी होती है। हर तरफ से पानी के साथ कचरा भी बह कर चला जाता है। इससे नाला जाम होने या रुकावट होने पर पानी की निकासी ठीक से नहीं होती है। नाले का गंदा पानी सड़क पर बहता है। इस दौरान अक्सर हादसे भी होते हैं। खासकर रात के समय में बिजली गुल होने पर नाले और सड़क का पता नहीं चलता। नाले के ऊपर बेतरतीब रखे स्लैब से हो रहे हादसे ओरिएंट क्लब से सटे प्रजापिता ब्रह्मकुमारी लेन के मुहाने पर नाले के ऊपर स्लैब को बेतरतीब तरीके से रखा गया है। इसके कारण रोज हादसे हो रहे हैं। सबसे अधिक दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बार राहगीर भी ठेस लगने से गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।