लखनदेई नदी के टूटे तटबंध की मरम्मती में खानापूर्ति
लखनदेई नदी का पूर्वी तटबंध एक दर्जन स्थानों पर क्षतिग्रस्त है, जिससे औराई की 16 पंचायतों का डूबना तय है। बाढ़ का खतरा बढ़ने पर किसान फसल उगाने से पीछे हट रहे हैं। जिलाधिकारी ने मरम्मत के लिए संज्ञान...

औराई, एसं। लखनदेई नदी का पूर्वी तटबंध एक दर्जन जगहों पर क्षतिग्रस्त है। बाढ़ का सीजन सिर पर है। ऐसी हालत में औराई की 16 पंचायतों का डूबना तय माना जा रहा है। हिंदुस्तान अखबार में इससे संबंधित खबर प्रमुखता से छपने के बाद जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया और तटबंध की रिपोर्ट सीओ से मांगी। उसके बाद दो-चार ट्रेलर मिट्टी तो गिरवा दी गई, लेकिन बाढ़ रोकने के लिए कोई ठोस काम नहीं हो रहा है। राज खंड उत्तरी पंचायत के राम खेतारी मध्य विद्यालय के समीप 50 से 70 फीट में तटबंध टूटा है। खबर छपने के बाद उस पर कुछ ट्रेलर मिट्टी तो रखी गई लेकिन 20 दिन से कोई काम नहीं हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पांच से छह मजदूर दो-तीन दिन काम भी किया था, लेकिन फिर कोई काम नहीं हुआ। किसी समय बाढ़ आने से मिट्टी खेत की ओर बह जाएगी। स्कूल पर भी सामत आ सकती है। अन्य टूटे जगहों पर भी कोई मरम्मत कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे 16 पंचायत के किसानों में खेती को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी है। किसान खेती करने से पीछे हट रहे हैं। हजारों हेक्टर में खरीफ फसल नहीं उगा रहे किसान लखनदेई नदी के टूटे तटबंध के कारण पांच वर्ष से हजारों हेक्टर में खरीफ फसल किसान नहीं उगा पा रहे हैं। वे तटबंध मरम्मत की आस लगाए बैठे हैं। किसान ज्याउल इस्लाम, बलम सहनी, अंजनी ठाकुर, मो. जावेद, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष बेचन महतो समेत कई लोगों ने विभाग से अविलंब कार्य करने की मांग की है। दूसरी ओर सीओ गौतम कुमार सिंह ने बताया कि सारी रिपोर्ट जा चुकी है। तटबंध मरम्मत का कार्य जल संसाधन विभाग करेगी। लखनदेई नदी के टूटे तटबंध की मरम्मत के लिए जिलाधिकारी से बात कर जगह चिह्नित कर अविलंब मरम्मत की मांग की गई है। जल्द ही कार्य आरंभ होगा। -गरामसूरत राय, स्थानीय विधायक
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।