पंचायत भवनों के निर्माण पर राशि बढ़ाने की होगी जांच
मुजफ्फरपुर में बहुउद्देशीय पंचायत भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें पुस्तकालय, बैंक और डाकघर की सुविधाएँ होंगी। जून तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन प्राक्कलित राशि बढ़ाने से देरी...

मुजफ्फरपुर, मुख्य संवाददाता। जिले में बहुउद्देशीय पंचायत भवनों का निर्माण किया जा रहा है। उसमें एक तल पर पुस्तकालय, बैंक और डाकघर की सुविधा भी होगी। जून तक शत-प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि प्राक्कलित राशि बढ़ाये जाने पर इसमें देरी होने की संभावना है। दरअसल, अधीक्षण अभियंता, कार्य अंचल तिरहुत प्रमंडल की ओर से पूर्व से प्राक्कलित राशि में 20 प्रतिशत पुनरीक्षित प्राक्कलन राशि बढ़ाकर प्रस्ताव उपलब्ध कराया गया है। इसके आलोक में उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम ने जांच करने का आदेश दिया है। इसकी जिम्मेदारी सौ से अधिक पदाधिकारियों को दी गई है।
भौतिक रूप से जांच करते हुए रिपोर्ट देने को कहा गया है। बताया गया कि इसके लिए 37 जगहों पर बनने वाले पंचायत भवनों का चयन किया गया है। उन्होंने पूर्व से प्राक्कलित राशि और बढ़ने के बाद नई राशि का पूरा ब्योरा अलग-अलग पंचायत भवनों के लिए उपलब्ध कराया है। इसी आधार पर जांच करने का आदेश दिया है। एक पंचायत भवन का भौतिक रूप से जांच करने के लिए तीन-चार पदाधिकारियों की टीम बनाई गई है। इसमें वरीय प्रभारी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और सहायक अभियंताओं को प्रत्येक टीम में शामिल किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।