पंचायत सरकार भवनों में खुलेगा सुधा मिल्क पार्लर
मुजफ्फरपुर में पंचायत भवनों के परिसर में सुधा होल-डे मिल्क पार्लर खुलने जा रहा है। पंचायती राज विभाग ने इसकी स्वीकृति दी है। पहले चरण में 1069 पंचायतों का चयन किया गया है। हर पार्लर पर 2.55 लाख रुपये...

मुजफ्फरपुर, मुख्य संवाददाता। अब नवनिर्मित पंचायत भवनों के परिसर में सुधा होल-डे मिल्क पार्लर खुलेगा। पंचायती राज विभाग की ओर से इसकी स्वीकृति दे दी गई है। प्रथम चरण में राज्य के विभिन्न जिलों में 1069 पंचायतों का इसके लिए चयन किया गया है। विभाग की ओर से इस बाबत सभी जिलों को अवगत करा दिया गया है। बताया गया कि प्रत्येक पार्लर खोलने पर 2 लाख 55 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सभी दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे। पार्लर निर्माण और आवंटन से संबंधित कार्य तिमुल के द्वारा किया जाएगा। इसके लिए 27 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है।
इसके अलावा सामान्य और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पंचायत भवन बनाने के लिए कुल 27 अरब 57 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का आवंटन जिलों को किया गया है। सामान्य क्षेत्रों में प्रत्येक पंचायत भवन बनाने पर 2 करोड़ 50 लाख और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तीन करोड़ पांच लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। राज्य में 151 बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नए पंचायत भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसका रकबा सामान्य क्षेत्र से अधिक है। क्योंकि बाढ़ की स्थिति में यहां शिविर स्थल भी बनाया जायेगा। विदित हो कि पंचायत भवन दो मंजिला बनाया जा रहा है। इसमें निर्वाचित प्रतिनिधियों और पंचायत स्तर के कर्मियों के स्थान, स्टोर, न्यायालय कक्ष, अभिलेखों के संरक्षण के लिए स्थान, समितियों के बैठक के लिए हाल बनेगा। जबकि पुस्तकालय, बैंक और डाकघर का भी संचालन होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।