बोलेरो ने दो को मारी पीछे से ठोकर, एक की हुई मौत
समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गैरेज संचालक चंदन कुमार की मौत हो गई। उनका कर्मी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद चालक...

समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड में गुरुवार की देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार गैरेज संचालक की मौत हो गई। जबकि उसका कर्मी गंभीर रूप से घायल है गया। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केशोपट्टी निवासी चंदन कुमार उर्फ मुन्ना (35) के रूप में की गई। घटना मोहनपुर रोड स्थित नक्कू स्थान के पास की है। सदर अस्पताल पर मौजूद मृतक के परिजन रंजीत कुमार राय ने बताया कि मुन्ना घर का इकलौता बेटा था। वह मोहनपुर रोड में गैरेज चलाता था। गुरुवार की रात अपने स्टाफ पप्पू कुमार के साथ घर जा रहा था।
इस बीच मुसरीघरारी की तरफ से आ रहे बोलेरो ने जोरदार ठोकर मर दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में मुन्ना को डॉक्टरों ने पीएम रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इधर बोलेरो चालक ठोकर मारने के बाद कुछ दूर आगे जाकर क्रांति होटल के पास बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में गैराज संचालक की मौत हुई है। एक युवक घायल है, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।