नेहा सिंह निष्ठा के शो में बवाल, बदतमीजी से रुपये उड़ा रहे लड़के को सिंगर ने खदेड़ा
भोजपुरी गायिका नेहा सिंह निष्ठा के एक स्टेज शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें बदतमीजी से रुपये उड़ा रहे एक दर्शक को नेहा ने मंच से खदेड़ दिया।

मशहूर भोजपुरी गायिका नेहा सिंह निष्ठा के एक स्टेज शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक नौजवान दर्शक बदतमीजी से उन पर रुपये उड़ा रहा है। इससे असहज हो गईं नेहा सिंह निष्ठा ने गाना रोक दिया और लड़के को कलाकारों का सम्मान करने की नसीहत दी। इसके बाद भी लड़का बहस करते हुए दोबारा नोटों की बरसात करने लगा, जिससे गुस्सा हो गईं नेहा ने तभी गाने की शर्त रख दी जब उस लड़के को स्टेज से हटाया जाए। फिर कार्यक्रम में मौजूद रहे लोग उस लड़के को स्टेज के किनारे ले गए और तब जाकर नेहा ने दोबारा गाना शुरू किया।
सूत्रों से जानकारी मिली है कि नेहा सिंह निष्ठा के स्टेज शो का ये वीडियो बक्सर जिला के राजपुर गांव का है, जहां एक आदमी ने गृह प्रवेश के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। नेहा सिंह निष्ठा इस कार्यक्रम में नर्तकियों की टोली के साथ गाना गा रही थीं तभी एक लड़का आता है और उनके चेहरे पर रुपये उड़ाने लगता है। इससे असहज नेहा लड़के से कहती हैं कि वो मुंह पर नोट ना उड़ाए और लक्ष्मी का सम्मान करे। लेकिन लड़का रुकता नहीं है। तो नेहा गाने को बंद करके कहती हैं कि आप ईनाम दे रहे हैं या बदतमीजी कर रहे हैं। फिर वो लड़के को स्टेज से हटाने की अपील करती हैं।
फरमाइशी गाना नहीं चलाने पर चल गईं गोलियां, 12 राउंड फायरिंग से ऑर्केस्ट्रा में भगदड़, 2 लोग घायल
लड़का इसके बाद भी नहीं हटता और चेहरे पर नोट उड़ाना जारी रखता है। फिर वो गाना बंद कर देती हैं और गुस्से से कहती हैं कि बदमतीजी करने पर सबक सिखा देंगी। नेहा इसके बाद कहती हैं कि लड़के को उसके घर वाले स्टेज से ले जाएं नहीं तो वो गाना नहीं गाएंगी। इसके बाद स्टेज शो के आयोजक और बाकी ग्रामीण मिलकर लड़के को मंच से उतारते हैं और तब कार्यक्रम आगे बढ़ पाता है। सोशल मीडिया पर लोग नेहा सिंह निष्ठा की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि अगर महिला कलाकार स्टेज शो में बदतमीजी का इसी तरह विरोध करने लगें तो हुड़दंग करने वाले सुधर जाएंगे।