नीतीश कैबिनेट से प्रगति यात्रा से जुड़ीं 120 परियोजनाएं मंजूर, 30 हजार करोड़ होंगे खर्च
सीएम नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान दक्षिण बिहार के जिलों में की घोषित की गईं 120 परियोजनाओं को राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। इन परियोजनाओं पर सरकार द्वारा 30 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में 120 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। ये प्रोजेक्ट दक्षिण बिहार के जिलों से जुड़े हुए हैं। इनकी घोषणा सीएम नीतीश की प्रगति यात्रा के दौरान की गई थी। दक्षिण बिहार की घोषणाओं से संबंधित 123 योजनाओं की विभाग स्तर से पूर्व में ही स्वीकृति दी जा चुकी है। इन योजनाओं की कुल राशि 30 हजार करोड़ रुपये है।
पटना में मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष मेें मंगलवार शाम को नीतीश कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें कुल 146 एजेंडों पर मुहर लगाई गई, जिनमें से प्रगति यात्रा से संबंधित 120 प्रोजेक्ट हैं।
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा को लेकर दक्षिण बिहार की 243 योजनाओं की घोषणा की गई है इनमें 123 योजनाओं पर संबंधित विभाग ने मंजूरी दी है, जबकि 120 योजनाओं को आज कैबिनेट ने हरी झंडी दी गई।
अब तक मुख्यमंत्री ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान 430 योजनाओं को लेकर घोषणाएं की, जिनकी कुल राशि 50हजारकरोड़है। इसके पूर्व उत्तर बिहार की कुल 187 परियोजनाओं के लिए 20 हजार करोड़ रुपये की मंजूरी पिछली कैबिनेट की बैठक में दी जा चुकी है।
प्रगति यात्रा की घोषणाओं में पथ और पुल निर्माण की 185, 7 मेडिकल कॉलेज, 9 डिग्री कॉलेज, 14 स्पोर्ट्स कंपलेक्स, 24 धार्मिक स्थलों का विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस साल प्रगति यात्रा के तहत सभी 38 जिलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिलों में विकास कार्यों का जायजा लिया। वहीं, जिलों में जो काम अब तक नहीं हो पाए, उन्हें पूरा करने की घोषणा की। बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस यात्रा के जरिए नीतीश ने जनता को साधने की कोशिश की।