कुख्यात अल्टर और शिबू ने किया सरेंड, एडीजी के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पटना में मचाई थी दहशत
पटना फायरिंग कांड के आरोपी अल्टर और शिबू ने शुक्रवार को पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 24 मई की शाम को एडीजी पंकज दराद के सामने फायरिंग कर खलबली मचा दी थी।

बिहार की राजधानी पटना के बोरिंग कैनाल रोड में ए़डीजी एसटीएफ पंकज दराद के सामने दनादन फायरिंग कर दहशत मचाने वाले दो बदमाशों ने सरेंडर कर दिया। अंधाधुंध फायरिंग के आरोपी अल्टर और शिबू ने पटना सिविल कोर्ट में जाकर शुक्रवार को सरेंडर कर दिया। दोनों के आत्मसमर्पण से पुलिस को बड़ी राहत मिली है। इस मामले में कई पुलिस अफसरों और सिपाहियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
इस मामले में पुलिस को आरोपियों की बेसब्री से तलाश थी। कांड का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था जिससे उनकी पहचान हो गई थी। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस की दबिश से विवश होकर दोनों ने सरेंडर कर दिया। पुलिस उसे अब रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
24 ई को बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो पर सवार बदमाशों ने पटना के हड़ताली मोड़ के पास शाम के पांच बजे गोलियां चलाकर पुलिस को बड़ी चुनौती दी थी। इस घटना से मौके पर अफतफरी मच गई। उसी रास्ते(स्कॉर्पियो के पीछे) एडीजी एसटीएफ पंकज दराद भी जा रहे थे। हालात को देखते हुए उनके बॉडी गार्ड ने मोर्चा संभाला। जवाबी कार्रवाई के बाद बदमाश फरार हो गए।