किसानों के सुझाव कृषि नीति बनाने में होंगे मददगार
विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान किसानों से प्राप्त सुझाव कृषि नीति निर्माण में सहायक होंगे। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की आवश्यकताओं को समझा और बताया कि गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए बीज...

विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान किसानों से प्राप्त सुझाव कृषि नीति बनाने में मददगार होंगे। इससे कृषि वैज्ञनिकों किसानों की जरूरतों का पता चला है। अभियान के दौरान पता चला कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए बीज शृंखला एवं बीज हब को सुदृढ़ किया जाना जरूरी है। आईसीएआर पटना के निदेशक डॉ. अनूप दास ने शुक्रवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान ये बातें कही। मौके पर अभियान में शामिल कृषि वैज्ञानिकों की टीम ने अनुभव साझा किए। बिहार और झारखंड के नोडल अधिकारी डॉ. अनूप दास ने कहा कि अभियान से वैज्ञानिकों को किसानों की आवश्यकताओं एवं उनकी खेती से जुड़ी समस्याओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हुई।
इससे भविष्य के अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों को किसानों की जमीनी जरूरतों के अनुरूप ढालने में सहायता मिलेगी। भविष्य में किसानों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहायता प्रदान करने में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगा। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अपने-अपने जिलों के ज्यादातर प्रखंडों तक पहुंचने में सक्षम हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसानों से प्राप्त फीडबैक को संकलित करें, ताकि भविष्य की योजना एवं नीति निर्माण में उसका समुचित उपयोग हो सके। अभियान के समन्वयक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने उपलब्धियों पर प्रस्तुति दी। बैठक में फसल सुधार की आवश्यकता, जल एवं सिंचाई प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य, कृषि में युवाओं की भागीदारी, आदान आपूर्ति शृंखला, यंत्रीकरण सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।