भूमि सर्वे के सभी काम ऑनलाइन हो : सचिव
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने विशेष भूमि सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को ऑनलाइन करने का निर्देश दिया और साप्ताहिक समीक्षा बैठकें आयोजित करने की बात कही।...

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने मंगलवार को राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इसमें निदेशालय स्तर से लेकर जिलास्तर तक सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली, उसकी गति और तकनीकी सुधारों की विस्तार से समीक्षा की तथा सर्वे के सभी काम ऑनलाइन करने की हिदायत दी। सचिव ने पहले चरण और दूसरे चरण के जिलों की जिलावार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी जिला बंदोबस्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले सप्ताह से सभी जिले में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की जाए और इसका रिपोर्ट मुख्यालय को भी भेजें। सर्वेक्षण के सभी काम ऑनलाइन किए जाएं।
प्रथम चरण के जिलों में प्राप्त 4,05,752 आपत्ति और दावों में 3,77,199 का निष्पादन किया गया है। शेष के निष्पादन में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि अब तक प्राप्त कुल 1,94,43,072 स्वघोषणा को यथाशीघ्र अपलोड कराएं। दूसरे चरण में चल रहे सर्वेक्षण के जिलों के अधिकारियों को किस्तवार, खानापुरी एवं त्रि–सीमाना के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। सचिव ने कहा कि सर्वेक्षण को अधिक पारदर्शी, तेज और डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए सभी प्रमंडलों में 28 फरवरी से स्वतंत्र सर्वर की स्थापना की जा चुकी है। इससे वंशावली समेत अन्य दस्तावेजों की अपलोडिंग की प्रक्रिया सरल हुई है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए और आम जनता की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाए। विभागीय मंत्री जिलों में जाकर राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। आगामी जिलावार समीक्षा में सर्वे के कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी। निदेशक जे प्रियदर्शिनी ने प्रतिदिन दो जिलों में सर्वेक्षण कार्यों की समीक्षा की बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए टीम गठित की गई है। इससे प्रतिदिन की समस्या या उपलब्धि से मुख्यालय अवगत रहेगा और कार्य की गति में सकारात्मक बदलाव संभव होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।