बहुजन समाज के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर लोजपा (रा) ने जताई चिंता
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने का निर्णय लिया है। बिहार प्रभारी अरुण भारती को अधिकृत किया गया है। पार्टी ने बहुजन समाज के खिलाफ अपराधों, छात्रवृत्ति में भेदभाव...

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करेगी। इसको लेकर पार्टी ने बिहार प्रभारी सह जमुई सांसद अरुण भारती को अधिकृत किया है। गुरुवार को पटना के दारोगा राय पथ स्थित श्रीकृष्ण चेतना परिषद भवन में आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में यह निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से आठ सूत्री प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें बहुजन समाज के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई गई। पार्टी ने जन-कल्याण योजनाओं से बहुजन समाज की व्यापक वंचना पर चिंता और संघर्ष का संकल्प लिया। साथ ही बहुजन छात्रों की छात्रवृत्ति में कटौती, देरी और भेदभाव पर आपत्ति, महादलित समुदाय के अधिकार और सम्मान के लिए लोजपा (रा) का संकल्पित संघर्ष और बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 243 सीटों पर व्यापक तैयारी और निर्णायक उपस्थिति का संकल्प भी पारित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने की। इस मौके पर सांसद वीणा देवी, शांभवी चौधरी, सत्यानंद शर्मा, हुलास पांडेय समेत पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के सभी सदस्य, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष, सभी जिलों के जिलाध्यक्ष और एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष और सभी प्रवक्ता शामिल हुए। मंच संचालन प्रदेश महासचिव संजय पासवान ने किया। सांसद अरुण भारती ने कहा कि बहुजन समाज से उनके मुद्दे पर विचार लेने के लिए आगामी 29 जून को राजगीर में बहुजन भीम संकल्प समागम का आयोजन करने जा रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।